School Timing Change: झुलसाती गर्मी के बीच जयपुर कलक्टर का बड़ा फैसला, बच्चों को राहत, स्कूल टाइमिंग बदली

जयपुर। भीषण गर्मी को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव का अहम फैसला लिया है। अब जिले के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। नई टाइमिंग 27 अप्रेल से प्रभावी होगी। यह बदलाव प्री-प्राइमरी से 8वीं कक्षा के लिए मान्य होगा। यह निर्णय बच्चों को तेज गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। इस संबंध में जिला कलक्टर संदेश नायक ने शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदेशों की पालना नहीं करने पर डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत एक्शन लिया जाएगा।

यह वीडियो भी देखें

अपने तेवर दिखा रही गर्मी

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि बढ़ते तापमान और हीटवेव की आशंका को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई है। इसी वजह से स्कूलों का समय बदलकर सुबह का किया गया है, ताकि दोपहर की तेज धूप और लू से विद्यार्थियों को बचाया जा सके। बता दें कि प्रदेश में इन दिनों गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है। चित्तौड़गढ़ में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में सबसे गर्म रात रही। राज्य के 10 से अधिक जिलों में तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा पहुंच चुका है, जिससे आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

और बढ़ेगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले 4-5 दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है और तापमान में करीब 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में गर्मी का असर और ज्यादा तेज होने के संकेत हैं। इसी बीच 23 से 25 अप्रेल के बीच प्रदेश के 7 जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, जोधपुर संभाग के जिलों में 22 और 23 अप्रेल को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। हालांकि इससे तापमान में ज्यादा राहत मिलने के आसार कम हैं।

जयपुर में तेज गर्मी

राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी है और दोपहर तक हालात और ज्यादा कठिन हो जाते हैं। रात के समय भी अब गर्मी का अहसास बना रहता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिले तेज गर्मी की चपेट में रहेंगे। भरतपुर, धौलपुर, अलवर, कोटा, बीकानेर और श्रीगंगानगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। ऐसे हालात को देखते हुए प्रशासन का स्कूल समय बदलने का निर्णय राहत भरा माना जा रहा है। इससे बच्चों को गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाने में मदद मिलेगी और अभिभावकों को भी कुछ हद तक चिंता से राहत मिलेगी।