झालावाड़ में दर्दनाक हादसा; शादी से लौट रहे दो बाइक सवारों की मौत, कार चालक फरार

Jhalawar Road Accident : झालावाड़। जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कालीतलाई गांव के समीप रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

रायपुर थानाधिकारी रमेशचंद मीणा ने बताया कि मृतकों की पहचान हनोतिया निवासी जगदीश दांगी (34) और कचराखेड़ी निवासी दुर्गालाल दांगी (48) के रूप में हुई है। दोनों रघुनाथपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात बाइक से अपने गांव हनोतिया लौट रहे थे। इसी दौरान कालीतलाई के पास सामने से आ रही तेज गति की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

दोनों की मौके पर हो गई मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कार चालक मौके से फरार

सूचना मिलते ही थानाधिकारी रमेशचंद मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। हालांकि, हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है।

परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव हनोतिया और कचराखेड़ी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामला दर्ज कर चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।