Jaipur Crime: दर्शन करने मंदिर की चाबी मांगी, 10 लाख रुपए के छत्र ले गया

रेनवाल मांजी। जयपुर जिले के ग्रामीण अंचल में चोरी की वारदातों ने जहां लोगों की नींद हराम कर दी है वहीं बदमाश दिनदहाड़े घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। रेनवाल मांजी कस्बे में चोर श्री दिगंबर जैन मंदिर दिनदहाड़े चोरी कर चांदी के छत्र चोरी कर ले गए।

भगवान की वेदियों से 12 छत्र चोरी कर ले गया

चोरी हुए छत्रों की कीमत करीब दस लाख रुपए बताई जा रही है । जानकारी के मुताबिक बदमाश दर्शनार्थी बनकर मंदिर में आया और भगवान की वेदियों से 12 छत्र चोरी कर ले गया। घटना से जैन समाज सहित पूरे कस्बे में भारी आक्रोश है ।

खुद को जैन धर्म का अनुयायी बताया

मंदिर अध्यक्ष महावीर प्रसाद झांझरी ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर पहुंचा था । उसने खुद को जैन धर्म का अनुयायी बताकर दर्शन करने की इच्छा जाहिर की मंदिर की चाबी मांगी ।

बदमाश ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया

समाज के लोगों ने उस पर विश्वास कर चाबी दे दी । मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां का नजारा देख होश उड़ गए । बदमाश ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर की मूलवेदी में विराजमान भगवान पार्श्वनाथ, शांतिनाथ और महावीर स्वामी की मूर्तियों पर लगे छत्रों सहित अन्य वेदियों से भी एक-एक कर कुल 12 छत्र चोरी कर लिए। छत्रों का कुल वजन लगभग 4 किलोग्राम बताया जा रहा है ।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, मामला दर्ज

बीच बाजार में बने मुख्य मंदिर में दिनदहाड़े हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और रोष जताया ।

रेनवाल मांजी थाने में रिपोर्ट दर्ज

इस संबंध में रेनवाल मांजी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध व्यक्ति के हुलिए के आधार पर तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ।