Rajasthan Accident: शादी के 2 दिन बाद ही दूल्हे की मौत, 3 बहनों का इकलौता भाई था; दुल्हन की चीखें सुनकर हर कोई रो पड़ा

Rajasthan Chittorgarh Accident: चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से बहुत ही दर्दनाक खबर सामने आई है। पारसोली क्षेत्र के बड़ाखेड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई । हादसे के शिकार हुए किशनलाल का दो दिन पहले ही विवाह हुआ था ।

किशन को ट्रेलर ने लिया चपेट में

जानकारी के अनुसार किशन पुत्र नारायण हजूरी सुबह करीब साढ़े 11 बजे किसी कार्य से जा रहा था । इसी दौरान बडलियास की ओर से आ रहे एक ट्रेलर ने बड़ाखेड़ा स्कूल के पास उसे अपनी चपेट में ले लिया ।

मौके पर ही तोड़ दिया दम

हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए ।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

सूचना पर पारसोली थानाधिकारी ठाकराराम पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सुपुर्द कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बार पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक किशन की शादी महज दो दिन पूर्व ही 19 अप्रेल को हुई थी। हादसे के बारे में जिसने भी सुना वह सन्न रह गया।

तीन बहनों के बीच वह इकलौता भाई था

किशन​ परिवार में माता-पिता और तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। खुशियों से भरा घर अचानक मातम में बदल गया और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन अब भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं। कि उनका बेटा हमेशा के लिए चला गया।

दुल्हन के हाथों की मेहंदी अभी तक फीकी भी नहीं पड़ी थी

दुल्हन के हाथों की मेहंदी अभी तक फीकी भी नहीं पड़ी थी, उसका शादी के दो दिन बाद ही सुहाग उजड़ गया। दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है, उसकी चीखें सुनकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं। घर में शादी की रस्मों की गूंज थी, लेकिन अब हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।