Good News : आजादी के बाद पहली बार ‘लाइट्स ऑन’, राजस्थान के इस शहर के लोगों को मिली ‘अंधेरे’ से निजात

राजस्थान के हृदय स्थल अजमेर में विकास की एक ऐसी इबारत लिखी गई है, जिसने दशकों पुराने अंधेरे को इतिहास बना दिया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने वरुण सागर मार्ग स्थित नगर निगम की नई कॉलोनियों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। इन क्षेत्रों में एक हजार नई स्ट्रीट एवं रोड लाइटों का शुभारंभ किया गया है, जिससे आजादी के बाद पहली बार यहां की गलियां दूधिया रोशनी से सराबोर उठीं।

आजादी के बाद पहली बार कॉलोनियां जगमग

समारोह को संबोधित करते हुए देवनानी ने भावुक स्वर में कहा कि यह विडंबना ही थी कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी शहर के कुछ हिस्से बुनियादी रोशनी के लिए तरस रहे थे। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सुविधाएं पहुँचाना है। इन क्षेत्रों में पहली बार लाइटें जलना यहां के निवासियों के लिए सबसे बड़ी सौगात है।”

‘लाइट्स ऑन’ करते वासुदेव देवनानी 

सफाई व्यवस्था पर भी ‘स्ट्राइक’: 1 मई से बदल जाएगी तस्वीर केवल रोशनी ही नहीं, बल्कि स्वच्छता को लेकर भी विधानसभा अध्यक्ष ने कड़े निर्देश जारी किए हैं।

नियमित सफाई: आगामी 1 मई से इन सभी नई कॉलोनियों में नियमित सफाई व्यवस्था शुरू होगी।

ऑटो टिपर: कचरा संग्रहण के लिए पर्याप्त संख्या में ऑटो टिपर वाहनों की तैनाती की जाएगी।

सफाईकर्मी: क्षेत्रों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नए सफाईकर्मियों की नियुक्ति कर जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में वरुण सागर रोड़ स्थित विभिन्न कॉलोनियों सहित ग्राम बोराज, काजीपुरा एवं हाथीखेड़ा में स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य का लोकार्पण किया।

इस पहल से क्षेत्र में रात्रिकालीन आवागमन सुगम होगा, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी एवं आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।… pic.twitter.com/ETLIhkcYLZ

— Vasudev Devnani (@VasudevDevnani) April 16, 2026

इन 30+ कॉलोनियों की चमकी किस्मत

प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, वरुण सागर मार्ग, कीर्ति नगर, करणी नगर, द्वारकाधीश कॉलोनी, गोटा कॉलोनी, अरावली नगर, अम्बिका नगर, रावत नगर, बोराज गांव, स्वास्तिक नगर, नवकार नगर, झूलेलाल कॉलोनी, पंकज नगर, चामुंडा कॉलोनी, कोटेश्वर कॉलोनी, मेरी माता कॉलोनी, एम.एस. रावत नगर, जगदम्बा कॉलोनी, प्रज्ञा नगर, वर्धमान नगर, विनायक विहार, हाथीखेड़ा पंचायत, राज कॉलोनी, अत्री वाली गली, आदित्य नगर, डिफेंस कॉलोनी, दादा विहार, और काजीपुरा गांव सहित कई क्षेत्रों में यह लाइटें लगवाई गई हैं।

शहर के पुराने मार्गों पर भी बदला गया इंफ्रास्ट्रक्चर

नई लाइटों के साथ-साथ शहर के मुख्य मार्गों की पुरानी और खराब लाइटों को बदलने का काम भी युद्ध स्तर पर किया गया है। कुल 1260 स्ट्रीट व रोड लाइटों को बदला गया है। इसमें कलेक्ट्रेट चौराहा से पुलिस लाइन, बजरंग गढ़ से पुरानी चौपाटी, और नसीराबाद रोड जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

विकास के प्रति प्रतिबद्धता

इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी और मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। स्थानीय निवासियों में इस पहल को लेकर भारी उत्साह देखा गया, क्योंकि अब रात के समय सुरक्षा और आवागमन में होने वाली परेशानियां खत्म हो जाएंगी। श्री देवनानी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से सुविधाएं उपलब्ध कराकर नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।