पाली। महज आठवीं पास होने पर भी नौकरी नहीं मिल रही, जबकि स्नातक तक पढ़ाई करने वाले युवा भी बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। आईटीआई करने के बाद भी रोजगार नहीं मिलने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में युवा नौकरी करने के बजाय नौकरी देने वाले बन सकते हैं। इसके लिए पूरा पैसा सरकार की ओर से दिया जाएगा और उन्हें केवल मूल राशि ही लौटानी होगी, उस पर एक रुपए का भी ब्याज नहीं लगेगा। यह योजना खास तौर पर उन युवाओं के लिए राहत लेकर आई है जो सीमित शिक्षा के बावजूद कुछ नया शुरू करना चाहते हैं।
यह वीडियो भी देखें
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना
प्रदेश के मूल निवासी एक लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना शुरू की गई है। इसमें 18 से 45 वर्ष तक के युवा आवेदन कर अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं। इसमें वे युवा भी ऋण लेकर व्यापार कर सकते हैं, जो ग्यारहवीं या बारहवीं में अध्ययनरत हैं। योजना का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और छोटे स्तर पर उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इतनी दी जाएगी राशि
शैक्षणिक योग्यता 8वीं से 12वीं तक होने पर सेवा और व्यापार के लिए 3.5 लाख रुपए तक ब्याज मुक्त ऋण लिया जा सकता है। विनिर्माण क्षेत्र में 7.5 लाख रुपए तक का ऋण मिल सकता है। सरकार 35 हजार रुपए की मार्जिन मनी (आर्थिक सहायता) भी देगी। स्नातक या आईटीआई प्रमाण पत्र रखने वाले युवा सेवा व व्यापार क्षेत्र में 5 लाख रुपए तक तथा विनिर्माण क्षेत्र में 10 लाख रुपए तक का ऋण ले सकते हैं। इसमें सरकार की ओर से 50 हजार रुपए तक की मार्जिन राशि दी जाएगी।
योजना का यह लाभ
इस योजना में युवा जो ऋण बैंक से लेंगे, उसके ब्याज का शत-प्रतिशत पुनर्भरण राजस्थान सरकार करेगी। युवाओं को केवल मूल राशि ही लौटानी होगी। इसके अलावा क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फॉर माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज (सीजीटीएमएसई) का पुनर्भरण भी सरकार करेगी, जिससे लोन लेने की प्रक्रिया आसान और सुरक्षित हो जाती है। इससे बिना गारंटी के भी ऋण प्राप्त करना संभव हो पाता है।
इन दस्तावेजों की जरूरत
जन आधार कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, उद्यम पंजीयन आदि आवश्यक होंगे। युवा अपनी एसएसओ आईडी से स्वयं लॉगिन कर सकते हैं या ई-मित्र केंद्र पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया सरल रखी गई है ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।
युवाओं को बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में आवेदन कर युवा अपना व्यापार शुरू कर सकते हैं। इसमें ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है और युवाओं का रुझान भी इसमें अच्छा देखा जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
रज्जाक अली, महाप्रबंधक, जिला उद्योग व वाणिज्य केंद्र, पाली