शर्मनाक : सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी पर दस साल से देहशोषण का आरोप

अजमेर(Ajmer News). एक विवाहिता के साथ शादी का झांसा देकर लम्बे समय तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर कृष्णगंज थाना पुलिस ने सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2016 में संपर्क, फिर जाल में फंसाया

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2016 में पारिवारिक विवाद के दौरान उसकी मुलाकात भगवानगंज निवासी पृथ्वीराज बुंदेल से हुई। आरोपी उस समय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में कार्यरत था और वर्ष 2023 में राजपत्रित अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुआ। आरोपी ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए प्रेम संबंध बनाने का दबाव बनाया।

शादी और साथ रखने का झांसा

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे अलग घर बनाकर रखने, पत्नी का दर्जा देने और जीवनभर खर्च उठाने का वादा किया। इन झूठे वादों के आधार पर आरोपी ने उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि यह संबंध उसकी सहमति-असहमति के बावजूद बनाए गए।

अब बातचीत बंद कर किया किनारा

पीड़िता ने बताया कि पिछले कुछ समय से आरोपी ने उसे ब्लॉक कर बातचीत बंद कर दी। इतना ही नहीं, उसका कामकाज भी प्रभावित करवाया। जब भी पीड़िता खर्च की मांग करती है, आरोपी अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर उसे धमकाता है।

पीड़िता ने लगाए आरोप

पीडि़ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। उसके साथ दस साल तक शोषण किया।अब सम्पर्कतोड़कर उसका खर्च उठाने से आरोपी पृथ्वीराज बुंदेल मुकर गया। आर्थिक मदद मांगने पर पीडि़ता के साथ अभद्रता करता है। कृष्णगंज थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।