अमित शाह की डॉ.अम्बेडकर पर टिप्पणी को लेकर रोष, रैली निकाल राष्ट्रपति के नाम सौपा ज्ञापन

हिण्डौनसिटी. संसद में कार्रवाही के दौैरान डॉ.भीमराव अम्बेडकर को लेकर गृहमंत्री की टिप्पणी लोगों ने रोष जताया है। जाटव बगीची में बैठक करने के बाद जाटव समाज व अन्य संगठनों के लोगों ने शहर में रैली निकाल तहसील कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही उपखंड अधिकारी कार्यालय में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
विरोध प्रदर्शन कर रहे रिंकू खेडीहैवत, कांग्रेस नेता रामचरण खुरसटपुरा व राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक पूरणमल जाटव ने बताया कि १७ दिसम्बर को सदन में संविधान निर्माता डॉ. अम्बेडकर को जोड़ते हुए दिए गृहमंत्री के वक्तव्य से लोगों को ठेस पहुंची है। इस संबंध में सुबह बयाना मोड़ स्थित जाटव बगीची में बैठक कर वक्ताओं ने गृहमंत्री टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई। बाद में रैली के रूप में तिरंंगा ध्वज, डॉ. अम्बेडकर के फोटो, तख्ती व गृह मंत्री का पुतला लेकर निकले। रैली मनीराम पार्क, बयाना मोड होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। जहां एसडीएम के मौजूद नहीं होने पर कार्यालय के रीडर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान तहसील कार्यालय में पुलिस तैनात रही। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य राधाकिशन जाटव, कांग्रेस नेता सतेंद्र बंशीवाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को खिलाफ लगाए नारे
सूरौठ. केंद्रीय गृहमंत्री द्वार संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर पर की गई टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कस्बे में विरोध प्रदर्शन किया व रैली निकाली। इस दौरान कांग्रेसजनों ने हाथों में डॉ. अम्बेडकर के फोटो लेकर प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के खिलाफ नारे लगाए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजीव शुक्ला, कांग्रेस के सूरौठ मंडल अध्यक्ष बत्तू मेंबर, ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रमोद तिवाड़ी, जिलामहासचिव विश्राम मीणा, विजयवाला शर्मा, केदार मीणा, पुरुषोत्तम जाटव, राम सिंह , वेदप्रकाश शर्मा, मोहर सिंह सैनी,पंचायत समिति सदस्य बृजेश भारद्वाज सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाईवे पर एकत्रित हुए तथा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्टेट हाईवे पर बिरसा मुंडा मार्ग के तिराहे से भीम राव अंबेडकर आश्रम तक पैदल रैली निकाली। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री के खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की।

Leave a Comment