नाचना: झोपड़ी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, सब राख

नाचना गांव के देवड़ा पाड़ा में रविवार शाम करीब 7 बजे एक रहवासी झोपड़ी में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस के अनुसार देवड़ा पाड़ा निवासी पेमाराम पुत्र राजूराम (40) की झोपड़ी में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आकर करीब 5 क्विंटल गेहूं, 2 क्विंटल चना, घरेलू उपयोग का सामान, लगभग 40 हजार रुपए नगद तथा परिवार के जरूरी दस्तावेज जल गए। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए निजी पानी के टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। सूचना मिलने पर सहायक पुलिस निरीक्षक तेज सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सोमवार सुबह हल्का पटवारी रतनलाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। पीड़ित पेमाराम ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।

रायमला में आग से किसान का घर व कृषि यंत्र जले

रामगढ़ क्षेत्र के पास रायमला गांव में स्थित एक मुरब्बे में दोपहर भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि किसान सुरेंद्र जाट का बना हुआ घर, कृषि यंत्र, एक मोटरसाइकिल, फव्वारा पाइप, घर में रखा खाने-पीने का सामान और नगदी जलकर राख हो गए। किसान सुरेंद्र जाट ने बताया कि दोपहर के समय अचानक लगी आग पर उन्होंने खुद ही काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस घटना में किसान की मेहनत और जमा पूंजी नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि उन्हें इस कठिन समय से उबरने में मदद मिल सके। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन अनुमान है कि तेज गर्मी और हवा के चलते आग तेजी से फैली।

लाठी: झूलती विद्युत तारों से सता रही हादसे की आशंका

लाठी गांव के कमी मोहल्ले में ढीली व झूलती विद्युत तारों से हादसे की आशंका बनी हुई है। गांव के कमी मोहल्ले के फाजलखां, अदरमानखां, पंजेखां, गंभीरखां, शकूरखां, कमरदीनखां, जोसेखां, फिरोजखां, अमीरखां, सलमानखां, सुराबखां, मुख्तियारखां, सद्दामखां सहित ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले में लगे विद्युत तारों से निकली तारें ढीली हो गई है। जिससे मोहल्ले में तारें नीचे झूल रही है। तारों की ऊंचाई मात्र चार से पांच फीट ही है। ऐसे में तारों के कभी भी टूटकर गिर जाने से किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। यही नहीं बारिश, आंधी, तूफान के दौरान भी तारों के किसी वाहन या व्यक्ति से टकराने से हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने बताया कि कई बार अवगत करवाने के बावजूद विद्युत तारों को ठीक नहीं किया जा रहा है। लाठी डिस्कॉम के कनिष्ठ अभियंता राहुल गर्ग ने बताया कि मंगलवार को टीम मौके पर भिजवाकर तारों को ठीक करवा दिया जाएगा।