Rajasthan: राजस्थान में दर्दनाक हादसा, डिग्गी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

सरदारशहर। क्षेत्र के रामसीसर छजलानिया गांव की रोही में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत में बनी डिग्गी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में गहरा शोक छा गया और हर ओर मातम का माहौल हो गया।

यह वीडियो भी देखें

डिग्गी में नहाने गए थे बच्चे

पुलिस सूत्रों के अनुसार रामसीसर छजलानिया निवासी रामनिवास पुत्र रामचन्द्र जाट ने रिपोर्ट दी कि सोमवार दोपहर उसके पिता रामचन्द्र और भाई खेत में बनी ढाणी में आराम कर रहे थे। उसी दौरान उसकी पुत्री यशोदा (15), पड़ोसी सांवरमल जाट की पुत्री प्रांजल (11) और पुत्र आशीष (13) खेत में बनी डिग्गी में नहाने के लिए चले गए।

गहरे पानी में डूबे

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अचानक तीनों बच्चों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। कुछ देर बाद जब घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को डिग्गी से बाहर निकाला गया।

गांव में शोक की लहर

घटना के बाद तीनों बच्चों को तुरंत सरदारशहर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के फैलते ही अस्पताल और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव के लोग उनके घरों पर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में बनी डिग्गियां अक्सर हादसों का कारण बन जाती हैं, खासकर जब बच्चों की निगरानी नहीं हो पाती। इस घटना ने एक बार फिर ऐसी व्यवस्थाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस दुखद घटना से बेहद आहत हैं।