ट्रक ने गांव जा रही महिला की जान ली, ओढ़ना फंसा तो घसीटते ले गई

जोधपुर.

माता का थान थानान्तर्गत मदेरणा कॉलोनी में नगर निगम कार्यालय के पास तेज रफ्तार व लापरवाही से आए मिनी ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।

एएसआइ जीवनराम ने बताया कि मूलत: भोपालगढ़ हाल मदेरणा कॉलोनी निवासी संगीता देवी 42 पत्नी दिनेश सिंह ओड दोपहर में गांव जाने के लिए पैदल ही घर से रवाना हुई। कुछ दूर नगर निगम कार्यालय के पास पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार मिनी ट्रक आया। उसने महिला को साइड में से चपेट में ले लिया। महिला के ओढ़ने का कुछ हिस्सा ट्रक में फंस गया। हादसे से अनभिज्ञ चालक ट्रक को दौड़ाता रहा। ओढ़ना फंसने से महिला घिसटते चली गई। आस-पास के लोगों के चिल्लाने पर चालक ने ट्रक रोका और फिर ट्रक सहित भाग गया।

उधर, ओढ़ना छूटने से महिला के खून बहने लगा। आस-पास के लोगों ने देखा तो महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। मृतका के पुत्र ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पंजीयन नम्बर के आधार पर पुलिस ने ट्रक मालिक से सम्पर्क किया। जानकारी मिलते ही मालिक ट्रक लेकर थाने आ गया। चालक की पहचान की गई है, लेकिन फिलहाल वह पकड़ा नहीं गया है।

Leave a Comment