राणा का शव पहुंचा, हत्यारों की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन, सीओ ग्रामीण के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार

श्रीगंगानगर। चूनावढ़ थाने के हिस्ट्रीशीटर कुलजीत उर्फ राणा की हत्या के आरोपियों को गिरफ़्तारी की मांग को लेकर मृतक के समर्थकों और परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। इससे शुक्रवार सुबह से लेकर दोपहर तक एकबारगी माहौल तनावपूर्ण हो गया। ऐसे में सीओ ग्रामीण राहुल यादव ने पहुंचकर मृतक राणा के परिजनों से वार्ता का दौर शुरू किया। यादव का कहना था कि इस मामले में पुलिस की स्पेशल टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ कर रही है। दो आरोपी हिरासत में भी लिए जा चुके है। हत्या में शामिल सभी आरोपी काबू किए जाएंगे। यादव ने साफ साफ बोल दिया कि यदि अंतिम संस्कार नहीं किया जाता तो वे पुलिस बल तैनात कर देंगे। ऐसे में परिजनों ने फिर आपस में मंत्रणा कर सीओ ग्रामीण यादव के आश्वासन पर अंतिम संस्कार पर सहमत हुए। दोपहर बाद कुलजीत उर्फ राणा बाबाा का अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले बीकानेर में कुलजीत उर्फ राणा का पोस्टमार्टम होने के उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस शव को लाने के दौरान चूनावढ़ थाना प्रभारी राजीव रॉयल की अगुवाई में पुलिस दल शुक्रवार सुबह करीब दस बजे राणा बाबा के ढींगावाली गांव में पहुंचा। विदित रहे कि बुधवार देर रात ट्रक यूनियन पुलिया के पास हुए इस हमले में राणा पर कातिलाना हमला हुआ था। उसे यहां से बीकानेर रैफर किया गया था। वहां पहुंचते ही राणा की मौत हो गई थी। मृतक राणा चूनावढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर था, उसके खिलाफ चूनावढ़ के अलावा कोतवाली, सदर थाने में कई मामले दर्ज थे।

Leave a Comment