चोरों का नया हथकंडा: वाहनों के टायर व पार्ट्स खोलकर लावारिस छोड़ जाते है चोर

चौमूं शहर में चोर एक के बाद एक वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। स्थिति यह है कि अकेले नवंबर माह में चोर 15 से 20 बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। थाने में बाइक चोरी का आंकड़ा बढ़ रहा है, लेकिन चोर पकड़ में नहीं आ रहे हैं। ना ही पुलिस चोरी की वारदातों को रोक पा रही है। इस बीच चोरों ने नए पैतरों की आजमाइश की है। नया तरीका यह चुना है कि पहले बाइक चोरी करते हैं और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर कीमती पुर्जें खोलकर बाइक को लावरिस छोड़ रहे हैं। हाल ही में पुलिस को करीब आधा दर्जन से अधिक चोरी की बाइक सुनसान इलाके में मिली है, जिनके कीमती पुर्जें नहीं मिले हैं।

अब तक 15 से 20 बाइक चोरी
जानकारी अनुसार शहर में हर दिन बाइक चोरी की वारदात हो रही है। इस माह में चोर इस कदर सक्रिय है कि अब तक 15 से 20 बाइक चोरी कर चुके हैं। चोर चंद मिनट में वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस दर्ज मामले के आधार पर बाइक चोरों की तलाश में जरूर जुटी हुई है, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ पा रहे हैं। स्थिति यह है कि चोरी दिनदहाड़े बाइक चोरी कर ले जा रहे है। कई बार एक-एक दिन में तीन-चार बाइक चोरी की वारदात सामने आई है। मामले दर्ज भी हो रहे हैं, लेकिन शातिर पुलिस की गिरत में नहीं आ पा रहे हैं। पीड़ित आए दिन पुलिस के पास पहुंचकर अपनी बाइक के बारे में पूछताछ कर रहे हैं।

कैमरों की खराबी का उठा रहे फायदा चोर
शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के बंद रहने से पुलिस को चोरों तक पहुंचने में मदद नहीं मिल पा रही है। वहीं चोरों को वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने में भी आसानी हो रही है। सूत्रों की मानें तो चोरों को सीसीटीवी कैमरों के खराब होने का भी फायदा मिल पा रहा है। पुलिस को भी संदिग्ध की पहचान करने में परेशानी हो रही है।

चंद मिनट में खेल
सूत्रों की माने तो बाइक चोर बाजार एवं सुनसान इलाके में खड़ी बाइक को निशाना बनाते हैं। कई बार रेकी करते हैं तो कई बार सामने बाइक खड़ी कर आसपास जाने वाले व्यक्ति को ही निशाना बना लेते हैं। संबंधित व्यक्ति किसी काम से जाता है और ये पीछे दो-चार मिनट में ही खेलकर बाइक ले उड़ते हैं। इसको लेकर आमजन को भी जागरूक रहने की जरूरत है। बाइक को अपनी निगरानी में खड़ी करें।

पुर्जें गायब, लावारिस मिल रही बाइक
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को 7 से 8 बाइक विभिन्न स्थानों पर लावरिस हालात में मिली है। जिनके कीमती पुर्जें गायब मिले हैं। चोर बाइक चोरी कर सुनसान इलाके में ले जाते हैं और रिम सहित टायर, चेन सेट वगैरह खोलकर लावरिस छोड़ रहे हैं। पुलिस को जैतपुरा श्मशान, जयपुर-सीकर हाईवे के नजदीक सुनसान इलाके में चोरी की बाइक मिली है, जिनके पुर्जे गायब भी मिले हैं।

संदिग्ध लगते ही पुलिस को दे सूचना
लावारिस हालत में चोरी की बाइक मिलने और पुर्जे वगैरह गायब होने को लेकर पुलिस क्षेत्र के कबाडियों एवं मिस्त्रियों से संपर्क कर रही है। पुलिस का कहना है कि बाइक के पुर्जें बेचने आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

इनका कहना है…
हां, चोरी की बाइक लावारिस पड़ी मिली है और कीमती पुर्जें भी गायब मिले हैं। पुलिस चोरी को लेकर सत है। लगातार चोरों की तलाश में जुटी है। वहीं मिस्त्रियों एवं कबाड़ियों की बैठक लेकर संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है।
प्रदीप शर्मा, थानाप्रभारी, चौमूं

Leave a Comment