स्वर्णनगरी में मौसम का अंदाज फिलहाल बदलता दिखाई नहीं दे रहा है। दोपहर में तेज धूप के कारण अब भी स्थानीय बाशिंदों से लेकर घूमने आए सैलानियों को पसीने बहाने पड़ रहे हैं और वे गर्मी से बचाव के जतन करते नजर आते हैं वहीं सूर्यास्त के बाद मौसम सुहाना होने से गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 36.9 और न्यूनतम 21.8 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया गया जो गत रविवार को क्रमश: 37.2 और 21.7 डिग्री रहा था। इस तरह से दोपहर की तल्ख धूप से छुटकारा नहीं मिला और रात लगभग एक जैसी गुजर रही है। घरों व दुकानों आदि में अब भी पंखों के साथ कूलर और एयरकंडीशनर चलाए जा रहे हैं। जबकि दिवाली का त्योहार भी संपन्न हो चुका है। लोग आपसी बातचीत में सर्दी के आगमन को लेकर खूब चर्चाएं करते देखे जा सकते हैं।