राजगढ़. काफी इंतजार के बाद कस्बे के राजकीय कन्या महाविद्यालय को अपना भवन मिलने वाला है। माचाड़ी सड़क स्थित प्रताप स्टेडियम में करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की लागत से बने नवीन भवन में जल्द ही बालिकाओं के अध्ययन की व्यवस्था होने की संभावना है।
महाविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रताप स्टेडियम में 20 हजार 235 वर्ग मीटर भूमि में करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से राजकीय कन्या महाविद्यालय का नवीन भवन बनाया गया है। ग्राउण्ड फ्लोर पर प्राचार्य कक्ष, सेमीनार हॉल, नौ कक्षा-कक्ष, तीन बरामदे इसमें शामिल हैै। पहली मंजिल पर वीसी कक्ष, कॉरिडोर, एनएसएस रूम, एनसीसी रूम, खेल विभाग, स्टाफ रूम, भण्डार कक्ष, भूगोल प्रयोगशाला, पुस्तकालय कक्ष, कॉमन रूम बनाए गए हैं।
नए भवन में छात्राओं को सभी प्रकार की मिलेंगी सुविधाएं
राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राव सज्जन सिंह का कहना है कि वर्तमान में कन्या महाविद्यालय राजगढ़ पीजी कॉलेज के रूसा भवन के पांच कमरों में संचालित हो रहा है। उक्त भवन काफी छोटा है। तीन वर्ष पहले शुरू हुए कन्या महाविद्यालय राजगढ़ में वर्तमान में 346 छात्राएं अध्ययनरत हैं।
अभी इनकी आवश्यकता
प्राचार्य डॉ. राव सज्जन सिंह के अनुसार नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करने पर पाया कि ब्वॉयज का बाथरूम बना दिया गया है, लेकिन गर्ल्स का बाथरूम भी बनाना चाहिए। इसके अलावा विद्यालय में चारदीवारी का अभाव है। बिजली का कनेक्शन भी अभी नहीं हुआ है। पेयजल के लिए बोरिंग की व्यवस्था नहीं की गई है और न ही सड़क है। इस बारे में अवगत कराया गया है।