Inspection : अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जेवीवीएनएल कोटपूतली स्टोर का किया निरीक्षण

– ट्रांसफार्मर वितरण में रखें पारदर्शिता: एडीएम ओमप्रकाश सहारण

जयपुर-कोटपूतली-बहरोड़। जिले में चल रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने कोटपूतली स्थित जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के स्टोर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रांसफार्मरों की वर्तमान स्थिति और भौतिक स्थिति की जानकारी ली और स्टोर अधिकारी को ट्रांसफार्मर वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एडीएम सहारण ने जेवीवीएनएल के अभियंताओं को निर्देशित किया कि फील्ड सर्वेक्षण कार्य को तेज किया जाए और उसकी रिपोर्ट जल्द से जल्द स्टोर में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इससे जले हुए ट्रांसफार्मरों की जगह नए ट्रांसफार्मर शीघ्र लगाए जा सकेंगे।

किसानों को प्राथमिकता देने पर जोर

एडीएम ने विशेष रूप से कृषि कनेक्शनों के जले हुए ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने के निर्देश दिए ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार किसानों को दिन के समय निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

विद्युत आपूर्ति में सुधार पर चर्चा

एडीएम सहारण ने आमजन और किसानों से जुड़ी विद्युत समस्याओं पर चर्चा करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए संभावित अड़चनों को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए।

अन्य स्टोरों का भी हुआ निरीक्षण

इस अभियान के तहत उपखंड और तहसील स्तर पर भी प्रशासनिक अधिकारियों ने जेवीवीएनएल के स्टोरों की जांच की और आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्टोर अधिकारी और विद्युत कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment