करौली। जिले के सबसे बड़े पांचना बांध के पानी को लेकर शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और गुडला-पांचना संघर्ष समिति के सदस्य मौजूद रहे। इस बैठक में राज्य सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के तहत पांचना गुडला लिफ्ट परियोजना, क्षेत्र के गांवों तक पेयजल आपूर्ति और किसानों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने बताया कि सरकार ने इस परियोजना के लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
इसके तहत पांचना बांध क्षेत्र के 21 राजस्व गांवों और 39 ढाणियों तक प्रेशराइज्ड डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना की डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मौके पर सर्वे कार्य जारी है। ग्रामीणों में पूर्व कार्यों को लेकर असंतोष रहा है, इसलिए इस बार ग्रामवासियों की राय और सुझावों को शामिल करते हुए योजना तैयार की जा रही है, ताकि यह सफलतापूर्वक धरातल पर उत्तर सके।
इस दौरान संघर्ष समिति और किसानों ने तुलसीपुरा ग्राम पंचायत के दो गांवों को भी परियोजना से जोड़ने तथा कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने की मांग उठाई। करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने कहा कि जब तक क्षेत्र के सभी गांवों को पानी उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक पांचना बांध से नहरों में पानी निकासी संभव नहीं होगी।
ये रहे बैठक में मौजूद
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि यह बैठक केवल राज्य सरकार की बजट घोषणा के संदर्भ में आयोजित की गई थी, बैठक में पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुरेश कुमार, अधीक्षण अभियंता रमाशंकर शर्मा, एडीएम हेमराज परिडवाल, एएसपी महेश चंद, जिला परिषद सीईओ लखन सिंह सहित पांचना गुड़ला लिफ्ट संघर्ष समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह धावाई, भानु प्रताप बैसला, हाकिम सिंह सहित अन्य सदस्य और किसान मौजूद रहे। गौरतलब है कि हाईकोर्ट में 1 मई को उसप्ताह में पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़न के आदेश दिए हुए हैं।
वीडियो प्रेजेंटेशन से बताई योजना
बैठक में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को परियोजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अनकमांड क्षेत्र के सभी 39 गांवों तक प्रेशराइज्ड डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा और दिसंबर तक परियोजना का कार्य शुरू होने की संभावना है।