सोशल मीडिया दौर में रिश्तों का ढांचा बदला, भाईचारे की नई तस्वीर उभरी

परिवार, रिश्ते और भाईचारा अब सिर्फ घर के आंगन तक सीमित नहीं रहे। स्मार्टफोन स्क्रीन ने संबंधों की नई दुनिया बना दी है, जहां बातचीत की गति तेज हुई है, लेकिन कई मामलों में भावनात्मक गहराई का स्वरूप भी बदल गया है। ब्रदर्स डे के मौके पर बदलते सामाजिक व्यवहार का विश्लेषण बताता है कि सोशल मीडिया ने रिश्तों को आसान, तेज और हर समय उपलब्ध बनाया है, लेकिन मुलाकातों और लंबे संवाद की परंपरा कमजोर हुई है।

कुछ वर्ष पहले तक भाई-बहनों और परिवार के सदस्यों के बीच रिश्तों की मजबूती का पैमाना साथ बैठकर बातचीत, त्योहारों की मुलाकात और साझा समय हुआ करता था। अब तस्वीर बदल चुकी है। जन्मदिन की शुभकामनियों से लेकर पारिवारिक बातचीत तक का बड़ा हिस्सा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सिमटता जा रहा है।सोशल प्लेटफॉर्म ने दूरी कम की है, लेकिन संबंधों की प्रकृति में भी बदलाव दर्ज हुआ है। पहले रिश्ते परिस्थितियों और पारिवारिक ढांचे पर आधारित होते थे, अब रुचि, समय और सुविधा भी बड़ी भूमिका निभाने लगे हैं।

डेटा ट्रेंड : रिश्तों की बदलती डिजिटल प्रोफाइल

► इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ी

► दैनिक स्क्रीन टाइम कई आयु वर्गों में बढ़ा

► चैट और शॉर्ट वीडियो संवाद का प्रमुख माध्यम बने

► पारिवारिक बातचीत का समय कई घरों में घटा

युवा पीढ़ी का नया रिलेशन मॉडल

नई पीढ़ी रिश्तों को अधिक स्वतंत्र और व्यक्तिगत नजरिये से देख रही है। समान रुचि, समान सोच और व्यक्तिगत स्पेस को अधिक महत्व मिलने लगा है। इससे संवाद की शैली बदली है।

युवा व्यवहार में उभरे नए पैटर्न

► परिवार ग्रुप सक्रिय, व्यक्तिगत बातचीत सीमित

► इमोजी और रिएक्शन ने कई जगह शब्दों की जगह ली

► वीडियो कॉल बढ़े, लेकिन मुलाकातें कम हुईं

► सोशल मीडिया उपस्थिति संबंधों का नया संकेत बनी

छोटे शहरों में भी तेजी से बदलाव

पहले सामाजिक बदलाव महानगरों तक सीमित माने जाते थे, लेकिन अब छोटे शहर और कस्बे भी डिजिटल व्यवहार के प्रभाव से तेजी से बदल रहे हैं। भाईचारे का पारंपरिक स्वरूप अब वर्चुअल उपस्थिति और ऑनलाइन सक्रियता के साथ नए आयाम बना रहा है।

एक्सपर्ट व्यू: रिश्तों की पहुंच बढी, लेकिन भावनात्मक गुणवत्ता पर सवाल

समाजशास्त्री डॉ. संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि डिजिटल माध्यमों ने रिश्तों की पहुंच बढ़ाई है, लेकिन भावनात्मक गुणवत्ता का सवाल भी खड़ा किया है। लगातार ऑनलाइन मौजूद रहना और भावनात्मक रूप से उपलब्ध रहना दोनों अलग बातें हैं। आने वाले समय में संतुलित डिजिटल व्यवहार सामाजिक संबंधों की सबसे बड़ी जरूरत बन सकता है।

ब्रदर्स डे स्पेशल : एक सवाल

हजारों चैट, सैकड़ों स्टेटस और लगातार ऑनलाइन मौजूदगी के बीच क्या रिश्तों को अब भी उतना ही समय मिल रहा है, जितना कभी घर की छत, आंगन और साथ बैठकर हुई बातचीत में मिलता था?