अजमेर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा : जीप की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत; चालक मौके से फरार

अजमेर। जिले के सराधना थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हदसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद जीप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतक दंपती ब्यावर जिले के रास थाना क्षेत्र स्थित मानपुरा बख्तावरपुरा गांव के निवासी थे। 52 वर्षीय पुखराज गुर्जर अपनी पत्नी 50 वर्षीय गीता देवी गुर्जर के साथ मोटरसाइकिल पर गोविंदगढ़ से पुष्कर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सराधना थाना क्षेत्र के रूपाहेली गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

एम्बुलेंस चालक ने क्या कहा?

हादसे में पुखराज गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गीता देवी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए पुष्कर अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान महिला की हुई मौत

एम्बुलेंस चालक जुबैर देशवाली के अनुसार महिला की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस ने जीप की जब्त

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। दुर्घटना के बाद जीप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जीप को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पीसांगन मोर्चरी में रखा गया शव

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीसांगन मोर्चरी में रखवाया गया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद एएसआई सुरेंद्र कुमार पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए रवाना हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है। हादसे के बाद मृतक दंपती के परिवार में शोक का माहौल है।