Extreme Heat Alert: राजस्थान में 14 मई को 4 जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट घोषित, तेज हीटवेव की चेतावनी

Heatwave Alert: जयपुर. राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी भागों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान फलोदी में 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 14 मई को पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी में रोड अलर्ट घोषित कर दिया है। जिलों में ‘अनत ऊष्ण लहर’ और ‘ऊष्णरात्रि’ का अलर्ट जारी है। वहीं कुछ जिलों में आगामी दिनों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

एक दिन पहले बाड़मेर में 48.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है और कई जिलों में हीटवेव तथा ऊष्णरात्रि (Warm Night) अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर पाकिस्तान और जम्मू क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार वर्तमान में उत्तर पाकिस्तान और जम्मू क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा 15 मई 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में आंशिक बदलाव की संभावना है।

विभाग ने बताया कि आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों तक तीव्र हीटवेव और ऊष्णरात्रि की प्रबल संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच रहने तथा कहीं-कहीं हीटवेव और ऊष्णरात्रि दर्ज होने की आशंका जताई गई है।

अगले 48 घंटे में जयपुर व भरतपुर संभाग में आंधी व बारिश की संभावना

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र तथा जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी (40-50 किमी प्रति घंटा) और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे कुछ स्थानों पर अस्थायी राहत मिलने की संभावना है, हालांकि गर्मी का प्रभाव जारी रहेगा।

पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी में रोड अलर्ट घोषित कर दिया है। जिलों में ‘अनत ऊष्ण लहर’ और ‘ऊष्णरात्रि’ का अलर्ट जारी है। वहीं कुछ जिलों में आगामी दिनों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम विभाग ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान धूप में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन ने भी हीटवेव से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।