Illegal Mining Action: जयपुर. राजस्थान में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में सघन नाकाबंदी अभियान चलाया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के आदेशानुसार गत सप्ताह दो दिनों तक विभिन्न पुलिस रेंजों में विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान हजारों वाहनों की जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने बताया कि पहले दिन बीकानेर, जोधपुर और जयपुर रेंज तथा दूसरे दिन भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में अभियान चलाया गया। पूरे प्रदेश में कुल 727 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए। अभियान के दौरान 16,676 दोपहिया और 18,795 चौपहिया वाहनों की सघन जांच की गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 262 चालकों के खिलाफ कार्यवाही
यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 262 चालकों के खिलाफ कार्यवाही की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1,173, बिना सीट बेल्ट चलने वाले 1,213 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 75 चालकों के चालान बनाए गए। इसके अतिरिक्त निर्धारित मानकों के विपरीत नम्बर प्लेट, अस्पष्ट नम्बर प्लेट और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर भी व्यापक कार्रवाई की गई। नम्बर प्लेट उल्लंघन के 857 और ब्लैक फिल्म के 739 प्रकरण दर्ज किए गए। अन्य मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघनों सहित कुल 7,185 मामलों में कार्रवाई की गई।
जोधपुर रेंज में सर्वाधिक 1,633 प्रकरण दर्ज
रेंजवार आंकड़ों के अनुसार जोधपुर रेंज में सर्वाधिक 1,633 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि उदयपुर में 1,583 और जयपुर रेंज में 1,094 मामलों में कार्रवाई हुई। बीकानेर, भरतपुर और कोटा रेंज में भी सैकड़ों मामलों में सख्त कदम उठाए गए।
अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों पर भी निगरानी रखी गई। अवैध हथियार, मादक पदार्थ और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज की गई। कोटा रेंज में अवैध धारदार हथियार के छह प्रकरण सामने आए और लगभग 200 लीटर देशी शराब जब्त की गई। इसी प्रकार अवैध खनन एवं परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 75 टन काली बजरी, चार डम्पर, चार ट्रैक्टर, तीन पिकअप और तीन ट्रेलर जब्त किए गए।
पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में कुल 150 से अधिक लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में कुल 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया। डीजीपी शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात अनुशासन और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत की जा सके।