Jaipur Tadkeshwar Mahadev Mandir Mahaprasadi: ताड़केश्वर महादेव मंदिर में आयोजित महाप्रसादी के दौरान सोमवार शाम उस समय धक्का-मुक्की का माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु बेरिकेड्स पर चढ़कर मंदिर में प्रवेश करने लगे। भीड़ बढ़ने के बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं को रोकना पड़ा। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।
महादेव के श्रृंगार की फोटो: पत्रिका
150KG घी से भोलेनाथ का अभिषेक करके 31KG फूलों से किया श्रृंगार
ताड़केश्वर नवयुवक मंडल की ओर से चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में भगवान नृसिंह और वराह लीला महोत्सव के तहत महाप्रसादी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक सहस्वघट के साथ 150 किलो घी से भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। इसके साथ ही मोगरा, गुलाब सहित 31 किलो फूलों से भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया।
मंदिर परिसर को राजमहल की तर्ज पर सजाया गया था। रोशनी और आतिशबाजी ने आयोजन को आकर्षक बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु झांकियों के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। भक्तों की कतार त्रिपोलिया गेट तक नजर आई।
5100 लीटर दूध और 41 पीपे घी से बनी महाप्रसादी
महाप्रसादी में दूध के लड्डू, आम राबड़ी, आलू छोले की सब्जी, पूड़ी और मिर्ची के टिपोरे तैयार किए गए। आयोजन में 1100 किलो चीनी, 51 पीपे तेल, 41 पीपे घी, 40 कट्टे गेहूं, 251 किलो काबुली चने और 500 किलो बेसन का उपयोग किया गया। बड़ी संख्या में रसोइयों और स्वयंसेवकों ने लगातार तैयारियों में योगदान दिया ।
इसके अलावा 11-11 किलो पिस्ता, बादाम और इलायची, 5100 लीटर दूध, 351 किलो मावा, 2100 किलो हापुस आम और 1100 किलो आलू का इस्तेमाल किया गया । मंडल के अध्यक्ष पुजारी पं. शक्ति व्यास ने बताया कि विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और श्रद्धालुओं की मंगलकामना के लिए हवन भी किया गया ।
भीड़ बढ़ने से बिगड़े हालात
शाम के समय चारदीवारी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों से एक साथ भीड़ पहुंचने लगी, जिससे हालात कुछ समय के लिए नियंत्रण से बाहर हो गए । कई श्रद्धालु बेरिकेड्स पर चढ़कर मंदिर में घुसने की कोशिश करते दिखाई दिए । इस दौरान धक्का-मुक्की में कुछ लोग गिर भी गए ।