Pali: पत्नी के शौक ने शादी के 1 साल बाद ही पति को पहुंचाया जेल, कपड़े-गहने, महंगे फोन-होम थियटर गिफ्ट देना पड़ा भारी

Rajasthan Theft Case: पाली शहर में पत्नी के महंगे शौक पूरे करना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि शादी के महज एक साल बाद ही उसे जेल की हवा खानी पड़ गई। मामला औद्योगिक थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक अपनी पत्नी को महंगे मोबाइल फोन, नए कपड़े, गहने और होम थियेटर जैसे तोहफे देता था। पत्नी को खुश करने के लिए उसने पहले आईफोन-13 गिफ्ट किया लेकिन जब उसकी भारी ईएमआई और अन्य खर्चे संभालना मुश्किल हो गया तो उसने चोरी का रास्ता अपना लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लाखों रुपए का चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है।

पत्नी को गिफ्ट किया था आईफोन-13

पुलिस पूछताछ में आरोपी महावीर ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसने अपनी पत्नी को खुश करने के लिए 65 हजार रुपए का आईफोन-13 गिफ्ट किया था। शुरुआत में वह हर महीने 7 हजार रुपए की किस्त भरता रहा लेकिन धीरे-धीरे आर्थिक तंगी बढ़ने लगी। इसके बाद उसने पैसों का इंतजाम करने के लिए चोरी करना शुरू कर दिया।

घर में चोरी कर ले गया गहने और होम थिएटर

4 मई को सर्वोदय नगर निवासी अरविंद कुमार के घर चोरी की वारदात हुई थी। चोर घर से करीब 6.50 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने, कपड़े और होम थिएटर चोरी कर ले गया। घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद औद्योगिक नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस का शक महावीर पर गया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने आराम से चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी को नए कपड़े और होम थिएटर का भी शौक था इसलिए वह गहनों के साथ-साथ ये सामान भी चोरी करके घर ले आया।

शादी के एक साल बाद पहुंचा जेल

थाना प्रभारी निरमा विश्नोई ने बताया कि आरोपी की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और वह शिवाजी नगर में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है और मामले की जांच जारी है।