सीकर. दादिया थाना पुलिस ने चवन्नी पैसे के इनामी हिस्ट्रीशीटर एसपी ग्रुप के सरगना सुनील उर्फ पाण्डया को गिरफ्तार किया है। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ दो जिलों के 7 पुलिस थानों में गंभीर प्रकृति के 16 मामले दर्ज हैं। 21वीं सदी के दौर में गैंगस्टर व बदमाश करोड़ों रुपए की फिरौती व रंगदारी मांग रहे हैं। राजस्थान पुलिस बड़े गिरोह चलाने वाले हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने व उसका हौसला पश्त करने के लिए चवन्नी का ईनाम घोषित कर रही है। एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने करीब दो महीने पहले हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया पर 25 पैसे का इनाम रखा था ताकि ऐसे बदमाशों का हौसला पश्त किया जा सके और आमजन व युवाओं को अच्छा संदेश दिया जा सके।
थानाधिकारी सहित नौ पुलिसकर्मियों की टीम गठित की थी-
दादिया थानाधिकारी संजय पूनियां ने बताया कि आइजी राहुल प्रकाश व एसपी प्रवीण नायक नूनावत व एएसपी डॉ. तेजपालसिंह की ओर से हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया (25) पुत्र हरिराम जाट निवासी खींवासर बलारां के खिलाफ नए आपराधिक कानून 2023 के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। ऐसे में आरोपी का न्यायालय से पूर्व का आपराधिक रिकॉर्ड प्राप्त कर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थानाधिकारी संजय पूनियां के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने अपनी एक एसपी ग्रुप नाम से गैंग बना रखी है, जिसमें वह युवाओं को जोड़कर उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने का काम कर रहा है। आरोपी बलारां थाना का हिस्ट्रीशीटर है। 25 पैसे का इनाम आरोपी को पकड़ने वाले थानाधिकारी सहित 9 सदस्यों की टीम के बीच बंटेगा।
हत्या का प्रयास, डकैती, आर्म्स जैसे गंभीर मामले –
हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया के खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, गंभीर मारपीट, अपहरण, एससी-एसटी एक्ट, आबकारी, आइटी एक्ट सहित विभिन्न तरह के मामले दर्ज हैं, जिसमें से 15 मामले न्यायालय में चल रहे हैं। आरोपी गंभीर प्रवृत्ति के अपराधों में लिप्त होने के साथ ही सीकर, झुंझुनूं व चूरू, नीमकाथाना के कई बदमाशों की गैंगों से जुड़ा हुआ है। पुलिस आरोपी की पिछले दो महीने से तलाश कर रही थी। आरोपी अलग-अलग जगह फरारी काट रहा था और मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर आरेपी को धर दबोचा।
हिस्ट्रीशीर को पकड़ने वाली पुलिस टीम –
हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ पाण्डया को पकड़ने वाली टीम में दादिया थानाधिकारी संजय पूनिया, एएसआइ रोहिताश्व कुमार, हैड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल प्रेम कुमार, पुनित, प्रेमसिंह, राजकुमार, विक्रम कुमार, अनीता आदि हैं।