Hanumangarh News: बंद मकान में 18 साल की युवती का फंदे से लटकता मिला शव, घर में अकेली रह रही थी

हनुमानगढ़। जंक्शन की पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित बंद मकान से शुक्रवार को युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकता शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। युवती के परिजनों के बयान व रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। शव की हालत देखकर पुलिस तीन से चार दिन पुराना होने का अनुमान लगा रही है।

सीओ सिटी मीनाक्षी सहारण ने बताया कि पुरानी हाउसिंग बोर्ड स्थित मकान संख्या 4/151 से बदबू आने के कारण पुलिस को सूचना दी गई। जंक्शन थाने से एसआई मय जाप्ता मौके पर पहुंची तथा मकान मालिक कमल कुमार की मौजूदगी में भीतर से बंद मकान को खोला गया। अंदर पंखे से फंदा बनाकर उस पर युवती का शव लटकता मिला। शव को मोर्चरी में रखवाया गया।

बिहार का रहने वाला परिवार

डीएसपी ने बताया कि मृतका खुशी यादव (18) पुत्री रामयाद यादव किराए के मकान में अकेली थी। उसके पिता चालक हैं जो कई दिनों बाद घर लौटते हैं। युवती का एक भाई है जो सीकर रहता है। उसकी माता की कई बरस पहले मौत हो चुकी है। मूलत: बिहार का रहने वाला यह परिवार पिछले कई बरस से हनुमानगढ़ में निवास कर रहा था।

पढ़ाई छोड़ चुकी थी युवती

पहले पुरानी खुंजा में किराए के मकान में रहते थे और अब करीब एक साल से हाउसिंग बोर्ड में किराए पर रह रहे थे। मृतका घर पर ही रहती थी, वह पढ़ाई छोड़ चुकी थी।

नहीं मिला सुसाइड नोट

डीएसपी मीनाक्षी सहारण ने बताया कि घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतका के पास मोबाइल फोन मिला है। उसके डाटा की जांच की जाएगी, जिससे घटना के कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी। हालांकि कोई सुसाइड नोट वगैरह नहीं मिला है। मृतका के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।