समदड़ी-लूनी ब्लॉक से प्रभावित रेल संचालन, जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस देरी से संचालित रहेगी

जैसलमेर से साबरमती (अहमदाबाद) जाने वाले रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी हुई है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने समदड़ी-लूनी रेलखंड पर आरयूबी निर्माण कार्य के चलते ब्लॉक लिया है। इसके कारण जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार दुदिया-दुदाड़ा स्टेशनों के बीच निर्माण कार्य के चलते गाड़ी संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस निर्धारित तारीखों पर देरी से संचालित होगी। ट्रेन 17 मई को जोधपुर-लूनी रेलखंड पर 45 मिनट देरी से चलेगी। वहीं 29 मई और 14 जून को यही ट्रेन 30 मिनट विलंब से संचालित रहेगी।

17 मई को जोधपुर-लूनी रेलखंड पर 45 मिनट देरी से चलेगी एक्सप्रेस ट्रेन

ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों का संचालन पूरी तरह रद्द किया गया है। भगत की कोठी-पालनपुर ट्रेन संख्या 14893 का संचालन 10, 17, 22, 29 मई तथा 7 और 14 जून को नहीं होगा। पालनपुर-भगत की कोठी ट्रेन संख्या 14894 का संचालन 11, 18, 23, 30 मई तथा 8 और 15 जून को रद्द रहेगा। इसके अलावा भगत की कोठी-भीलडी ट्रेन संख्या 74841 तथा भीलडी-भगत की कोठी ट्रेन संख्या 74842 का संचालन 17 और 29 मई को निरस्त रहेगा। कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। बाड़मेर-जोधपुर ट्रेन संख्या 54814, 10 मई और 14 जून को बाड़मेर से एक घंटा देरी से रवाना होगी। वहीं भीलडी-भगत की कोठी ट्रेन संख्या 74842, 10 और 22 मई तथा 14 जून को भीलडी से एक घंटा विलंब से संचालित होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन का अपडेटेड समय अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

विद्युत लाइन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, जैसलमेर पुलिस ने छह दबोचे

जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर सांगड़ थाना पुलिस ने विद्युत लाइन से तार चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में जिले में एक दर्जन से अधिक अन्य चोरियों की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है, जिनमें सोलर व पवन ऊर्जा संयंत्रों से भी चोरियां शामिल हैं। सांगड़ थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, बीते 5 मई को निजी कंपनी के सीनियर सुपरवाइजर विकास कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कंपनी पाबनासर के पास फतेहगढ़-3 से भड़ला-3 तक विद्युत लाइन बिछा रही है। गत 4 मई की रात करीब 9:30 बजे पिकअप गाड़ी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन व्यक्ति साइट से 1700 मीटर कंडक्टर (केबल) और अन्य सामान चोरी कर ले गए। गश्ती गार्ड प्रेमसिंह और आसुराम ने जेठुसिंह पाबनासर, खेतसिंह नींबा और विजय बाड़मेर की पहचान की थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवन्तदान के निर्देशन में वृताधिकारी रूपसिंह ईन्दा की निगरानी में टीम गठित की गई। टीम ने खेतसिंह, जेठूसिंह, विजय, निरज सामरिया, रूपसिंह और मोतीसिह को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। आरोपियों ने ऑटु पावर प्लांट नीम्बा, रेन्यु पावर प्लांट नीम्बा, एनटीपीसी निम्बा सहित सोलर व पवन ऊर्जा संयंत्रों से डीसी तांबे की केबल व प्लेटें चोरी करना स्वीकार किया है। पाबनासर, धारवी, चोचरा, तेजमालता आदि स्थानों पर हाईटेंशन लाइनों से तार चोरी की वारदातें भी कबूली हैं। पुलिस रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।