जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है। दिन में गर्मी के बाद दोपहर बाद आंधी-बारिश का सिलसिला चल रहा है। गुरुवार को दोपहर बाद अलवर, टोंक, दौसा, सवाईमााधोपुरऔर कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बारिश हुई। इस दौरान कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं दूसरी ओर कई जिलों में गर्मी का असर दिखा। दिन के तापमान में बीते 24 घंटे में सात डिग्री तक बढ़ोतरी देखी गई। सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 45.1 डिग्री दर्ज किया।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने राज्य में 9 मई से हीटवेव (लू) का एक नया दौर शुरू होने और तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। मौसम केन्द्र ने शुक्रवार को अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, टोंक में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
तीन डिग्री बढ़ा दिन का पारा, शाम को राहत
जयपुर में गर्मी का असर देखने को मिला। दिन में तपिश रही। इससे दिन के तापमान में बीते 24 घंटे में तीन डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिली। शहर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शहर में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री दर्ज किया गया। शाम को छह बजे बाद अचानक मौसम बदला। तेज आंधी के साथ कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे रात को पारा चार डिग्री तक गिर गया। रात आठ बजे तापमान 36 डिग्री पर आ गया।
मौसम ने बदली करवट, बारिश के साथ गिरे ओले
टोंक जिले में गुरुवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह से तेज धूप से परेशान लोगों को उस समय राहत मिली, जब दोपहर में आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवाओं और ठंडी फुहारों से मौसम सुहावना हो गया।
बारिश शुरू होते ही सड़क किनारे मौजूद लोग दुकानों और छज्जों के नीचे शरण लेते नजर आए। कई जगह तेज हवा के कारण होर्डिंग्स एवं टीनशेड हिलते दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। आगामी दिनों में भी बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। शहर के डाइट क्षेत्र में चने से बड़े आकार के ओले गिरे। इससे जमीन पर ओलों की परत जम गई।
दौसा में बरसात व ओले
दौसा जिले में कई रंग दिखाए। दिन में तेज धूप रही। दोपहर बाद अनेक जगह हल्की बरसात के साथ ओले गिरे। इससे गर्मी से राहत मिली। लालसोट क्षेत्र में शाम करीब 4 बजे अंधड़ के साथ बारिश का क्रम शुरू हो गया। इस दौरान खटवा, सवांसा, थूणियाधिराजपुरा, शिवसिंहपुरा, लाखनपुर समेत कई गांवों में बेर आकार के ओले भी गिरे। बारिश व ओले गिरने से गर्मी कम हो गई एवं मौमस भी खुशनुमा हो गया।