Rajasthan Weather: राजस्थान में इस बार जेठ के महीने में सूरज की तपिश के बजाय बादलों का डेरा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मरुधरा का मौसम पूरी तरह बदल गया है।
बता दें कि जयपुर, शेखावाटी और हाड़ौती समेत कई इलाकों में सोमवार को हुई झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने पारे को 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिरा दिया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
आसमान से बरसी राहत, मंडियों में ‘आफत’
सोमवार सुबह से शुरू हुआ मेघगर्जन और तेज अंधड़ का दौर देर रात तक जारी रहा। इस बदलाव से जहां आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, किसानों के लिए यह मौसम चिंता का सबब बन गया है।
अलवर में सबसे अधिक 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान 31.0°C पर आ गया।
झालावाड़ और अन्य जिलों की कृषि मंडियों में खुले में रखी सैकड़ों बोरी जिंस (फसल) भीग गई। ओलावृष्टि से प्याज और अन्य फसलों को नुकसान की खबर है।
राजधानी जयपुर में लगातार तीसरी रात बारिश हुई। जयपुर एयरपोर्ट पर 9.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे मंगलवार का दिन खुशनुमा बना रहा।
दुखद घटना: आसमानी बिजली का कहर
मौसम का यह मिजाज कहीं सुकून लेकर आया तो कहीं मातम। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ (गांव 18 P) में खेत में बकरियां चरा रहे 30 वर्षीय युवक राजू सिंह पर आसमानी बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी झुलस गए हैं।
ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित
झुंझुनूं के मंडावा में करीब 10 मिनट तक ओले गिरे, जिससे सड़कें सफेद चादर से ढक गईं। वहीं, पाली के रणकपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि के कारण एक शादी समारोह में खलल पड़ा। उदयपुर के मावली और झालावाड़ के अकलेरा में भी ओले गिरने से मौसम ठंडा हो गया, लेकिन किसानों की धड़कनें बढ़ गई हैं।
अगले 72 घंटे सावधान रहने की जरूरत
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 5 और 6 मई को राजस्थान के 15 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ रहेगा। 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास शरण न लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। जहां पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूप निकलने और तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने के संकेत भी मिले हैं।
यहां गिरा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
अलवर में अधिकतम 31.0 और गिरावट 8.0
करौली में अधिकतम 33.5 और गिरावट 6.3
जयपुर में अधिकतम 33.3 और गिरावट 5.0
चित्तौड़गढ़ में अधिकतम 38.8 और गिरावट 4.6
सीकर में अधिकतम 34.5 और गिरावट 4.5
कोटा में अधिकतम 38.3 और गिरावट 4.0
श्रीगंगानगर में अधिकतम 38.7 और गिरावट 4.1