Weather Update: राजस्थान में तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि, आठ मई तक 15 जिलों में अलर्ट जारी

जयपुर। पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण सोमवार को जयपुर, शेखावाटी, हाड़ौती व पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में मेघगर्जन, तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि का दौर सुबह से चला जो शाम तक जारी रहा। पिछले दो-तीन दिन से चले रहे मौसम के इस परिवर्तन से अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री की गिरावट आ गई। जिससे जेठ माह की शुरुआत में पड़ रही गर्मी से राहत भी मिली।

मौसम केन्द्र जयपुर की ओर से आठ मई तक 15 जिलों में अंधड़, मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट जारी किया है। केन्द्र के अनुसार आगामी तीन दिन तेज हवा चलेगी जिसकी रफ्तार 30-50 किमी प्रति घंटा रहेगी और संभवत: दोपहर बाद मौसम में परिवर्तन होगा। 

अलवर में 8, जयपुर में 5 डिग्री गिरा पारा

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार सोमवार को बीते एक दिन में सर्वाधिक आठ डिग्री अधिकतम तापमान अलवर में गिरा वहीं जयपुर, सीकर, कोटा, चित्तौडगढ़, श्रीगंगानगर और करौली में पारा पांच डिग्री गिर गया। इसके अलावा सर्वाधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर (42.3) दर्ज किया गया, हालांकि मौसम के बदलाव से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज नहीं हुई। 

श्रीमाधोपुर में डेढ़ इंच बारिश

सीकर के श्रीमाधोपुर में सर्वाधिक 48 मिमी(1.88 इंच) बारिश हुई वहीं जैसलमेर के पोकरण में आधे घंटे में 9 मिमी बारिश हुई और ओले भी गिरे। इधर कोटा सहित आस-पास के क्षेत्र में सोमवार को तेज अंधड़ से कई जगह पेड़ की टहनियां व होर्डिंग गिरे व जनजीवन प्रभावित रहा। उदयपुर में आंधी और राजसमंद में ओले गिरने के समाचार हैं। 

मंडियों में जिंस भीगा, प्याज को नुकसान

झालावाड़ जिले में आंधी और मूसलाधार बारिश से मंडियों में सैकड़ों बोरी जिंस भीग गई। आंधी व बारिश के साथ ओले गिरने से प्याज को नुकसान हुआ। जिले में खानपुर, रायपुर, अकलेरा सहित कई जगह बारिश हुई। शाम चार बजे से झालावाड़ शहर में धूलभरी हवाएं चली।

इधर, 11 फ्लाइट डायवर्ट होकर जयपुर एयरपोर्ट पहुंची

दिल्ली में खराब मौसम के कारण रविवार देर रात से सोमवार अलसुबह तक अलग-अलग समय पर 11 डायवर्ट होकर जयपुर पहुंचीं। जिससे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जहाजों का जाम लग गया। सबसे ज्यादा दिक्कत गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली उड़ान के यात्रियों को हुई। इस उड़ान को पहले लखनऊ और फिर जयपुर डायवर्ट किया गया, जिससे यात्री करीब 10 घंटे तक परेशान रहे।