dust storm warning India: जयपुर। मौसम विभाग ने प्रदेश में अचानक बदलते मौसम को लेकर तात्कालिक चेतावनी जारी की है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और मेघगर्जन की संभावना है। जयपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक और करौली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही धूलभरी आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
वहीं बीकानेर, जोधपुर, नागौर, अजमेर, कोटा सहित 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
4 मई को फलोदी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस
जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र के ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। सोमवार को दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, हालांकि फलोदी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने के कारण प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।