Babulal Bairwa Death : पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा के निधन से अशोक गहलोत दुखी, कही बड़ी बात

Babulal Bairwa Death : कठूमर (अलवर) के पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा का आज रविवार तड़के करीब 3 बजे निधन हो गया है। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने बाबूलाल बैरवा के निधन पर दुख प्रकट किया। बाबूलाल बैरवा के निधन की जानकारी होने के बाद अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि कठूमर (अलवर) से कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनके निधन से क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक जीवन में अपूरणीय क्षति हुई है।

अशोक गहलोत न आगे लिखा कि एक लंबे अरसे तक विधायक के रूप में उनका अनुभव और क्षेत्र के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें एवं दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति।

कठूमर (अलवर) से कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक श्री बाबूलाल बैरवा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनके निधन से क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक जीवन में अपूरणीय क्षति हुई है।

एक लंबे अरसे तक विधायक के रूप में उनका अनुभव और क्षेत्र के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय… pic.twitter.com/7TgLUT3Bgn

— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) May 3, 2026

कई बीमारियों का इलाज करा रहे थे बाबूलाल बैरवा

कठूमर (अलवर) के पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा पिछले 12-13 दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में चल रहा था। बताया जा रहा है कि बाबूलाल बैरवा को बीपी, शुगर और अस्थमा की बीमारी से ग्रस्त थे।

बाबूलाल बैरवा के निवास से निकलेगी अंतिम यात्रा

बाबूलाल बैरवा के निधन की सूचना के बाद खेड़ली और कठूमर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनके निधन को पार्टी और क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया है। उनकी अंतिम यात्रा खेड़ली बाइपास रोड स्थित उनके निवास से निकाली जाएगी।

पहली बार निर्दलीय विधायक चुने गए थे बाबूलाल बैरवा

बाबूलाल बैरवा का राजनीतिक जीवन काफी अच्छा गुजरा। वे चार बार विधायक चुने गए। बाबूलाल बैरवा का कठूमर में दबदबा था। जनता के बीच वह काफी लोकप्रिय थे। पहली बार साल 1980 में निर्दलीय विधायक के तौर पर विधानसभा चुनाव जीता था। इसके बाद 1985 में कांग्रेस और साल 2008 में भाजपा से विधायक बने। साल 2018 में बाबूलाल बैरवा फिर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और चौथी बार विधानसभा पहुंचे।