जयपुर में चली 80kmph की रफ्तार से आंधी, बारिश के बाद 10 डिग्री गिरा पारा, कई इलाकों में ब्लैकआउट

जयपुर। गुलाबी नगरी में शनिवार सुबह और रात आए तेज अंधड़ ने शहर को बंधक बना दिया। सुबह 9:15 बजे और रात करीब 8 बजे मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोग दहशत में आ गए। रात में हवा की रफ्तार अधिकतम 80 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई, जिसके बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे अधिकतम तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। रात नौ बजे आंधी-बारिश के बाद तापमान गिरकर 30 डिग्री पर आ गया। ऐसे में रात के तापमान में आठ डिग्री तक गिरावट हुई।

घरों में कैद हुए लोग, सड़क पर थमी रफ्तार

हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि घरों की छतों पर रखी प्लास्टिक की टंकियां उड़कर नीचे गिर गईं और बाजारों में लगे बड़े-बड़े होर्डिंग्स उखड़ गए। कुदरत के इस अचानक बदलाव से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। वहीं सड़क पर चल रहे वाहन चालकों ने भी सुरक्षित स्थानों पर रुकना ही बेहतर समझा।

बारिश के दौरान निकले लोग (फोटो-पत्रिका)

सुबह 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार रही

इससे पहले सुबह करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने करीब 10 मिनट तक शहर की रफ्तार थाम दी थी। हालांकि, अंधड़ के बाद हुई बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत भी मिली, लेकिन यह ज्यादा देर नहीं टिक सकी और दोपहर में धूप तेज होते ही पारा फिर बढ़ गया।

एक घंटे में 10 डिग्री गिरा पारा

सुबह 9 बजे शहर का पारा 33 डिग्री सेल्सियस था। अंधड़ के साथ हुई झमाझम बारिश के बाद सुबह 10 बजे तक पारा 10 डिग्री गिरकर 23 डिग्री पर आ गया। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज के तेवर फिर कड़े हो गए। दोपहर 12 बजे जैसे ही बादल छंटे, चिलचिलाती धूप के कारण पारा दोबारा चढ़कर 32 डिग्री पर पहुंच गया। शहर में दिन का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आंधी रुकने के बाद सड़क पर वाहन (फोटो-पत्रिका)

सोमवार को और तेज होगी रफ्तार

मौसम निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया यह चक्रवाती तूफान नहीं, बल्कि स्थानीय सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के कारण बना अंधड़ है। रविवार को हल्की गतिविधि रहेगी, जबकि सोमवार को फिर तेज अंधड़ आने की संभावना है।

लैंड नहीं कर सकी फ्लाइट

खराब मौसम के चलते गुवाहाटी से जयपुर आ रही एक उड़ान को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। मौसम साफ होने के बाद ही फ्लाइट जयपुर पहुंच सकी। जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

एक घंटे से ज्यादा 33 केवी ग्रिड बंद, आधे शहर में ब्लैक आउट

तेज अंधड़ का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। कई बड़े क्षेत्रों में 33 केवी ग्रिड एक घंटे से अधिक समय तक बंद रहे, जिससे शहर के बड़े हिस्से में ब्लैकआउट रहा। रामगंज ग्रिड के ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिरने से परकोटा क्षेत्र में डेढ़ घंटे से अधिक बिजली गुल रही। मुरलीपुरा, भांकरोटा, मालवीय नगर, सिविल लाइंस, बनीपार्क और शास्त्री नगर सहित कई इलाकों में रात 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली विभाग की ओर से बार-बार जल्द सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।