Rajasthan Vande Bharat Train: ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे प्रदेश में संचालित ट्रेनों के रूट विस्तार और पैसेंजर लोड कैपेसिटी बढ़ाने की तैयारी में जुटा है। इसमें वंदेभारत व इंटरसिटी ट्रेन शामिल हैं। खास बात यह है कि जयपुर से उदयपुर के बीच एक बार फिर वंदेभारत ट्रेन शुरू की जा सकती है। साथ ही जैसलमेर को भी एक और इंटरसिटी ट्रेन की सौगात मिलेगी।
इससे आमजन के साथ-साथ व्यापारी और सैलानियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे सूत्रों के अनुसार रेल मंत्रालय इन सभी प्रस्तावों को अंतिम रूप देने में जुटा है। संभावना है कि जल्द ही रेल मंत्री इन परियोजनाओं को हरी झंडी दिखा सकते हैं। दूसरी ओर जोनल रेलवे प्रशासन ने भी अपने स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि योजनाओं को समय पर लागू किया जा सके। हालांकि अधिकारी फिलहाल इस मामले में कुछ भी सीधे कहने से बच रहे हैं।
संचालन शुरू होने की उम्मीद
सितंबर 2023 में उदयपुर से जयपुर के बीच शुरू हुई वंदेभारत ट्रेन का संचालन फरवरी में रेलवे ने बंद कर दिया था। इसकी वजह कम यात्रीभार बताई गई थी। इसके बाद ट्रेन को उदयपुर से साबरमती के बीच संचालित किया गया, जो वर्तमान में जारी है। अब इसे फिर से जयपुर तक बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। रेलवे इस पर मंथन कर रहा है कि ट्रेन को जयपुर–उदयपुर होते हुए साबरमती तक चलाया जाए, जिससे यात्रीभार की कमी दूर हो सके। जल्द ही इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
कैपेसिटी बढ़ने से खत्म होगी वेटिंग
जोधपुर से वाया जयपुर संचालित वंदेभारत ट्रेन को आठ कोच की बजाय 20 कोच के साथ चलाने की तैयारी है। वर्तमान में कम सीटों के कारण इस रूट पर लंबी वेटिंग रहती है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। कैपेसिटी बढ़ने के बाद अधिक यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सकेगा और वेटिंग की समस्या काफी हद तक खत्म होगी।
जयपुर से जुड़ेगा जालोर
जालोर को जयपुर और दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी देने की तैयारी भी चल रही है। भुज से वाया जालोर, अजमेर और जयपुर होकर दिल्ली तक नई ट्रेन चलाने की योजना है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होती नजर आ रही है। इसे भी अगले महीने शुरू किया जा सकता है।
इंटरसिटी ट्रेन से जुड़ेंगे जैसलमेर-साबरमती
साबरमती से जोधपुर के बीच चल रही इंटरसिटी ट्रेन में अपेक्षित यात्रीभार नहीं मिल रहा है। इसे देखते हुए रेलवे इसके रूट में विस्तार की योजना बना रहा है। इस ट्रेन को जोधपुर से आगे बढ़ाकर जैसलमेर तक संचालित किया जाएगा। इसकी स्वीकृति मिल गई है और जल्द ही इसे शुरू कर दिया जाएगा। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।