हिस्ट्रीशीटर पैरोल से भागा, एक्सीडेंट में घायल हुआ, इलाज कराने आया तो पकड़ा

जोधपुर.

पुलिस महानिरीक्षक (रेंज) जोधपुर विकास कुमार की साइक्लोनर टीम ने श्रीगंगानगर में पैरोल पर जेल से फरार एक हिस्ट्रीशीटर को जोधपुर में पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

आइजी (रेंज) विकास कुमार ने बताया कि फलोदी में खारा गांव निवासी शिवलाल पुत्र रतनाराम बिश्नोई हिस्ट्रीशीटर है। उसे श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ थाना पुलिस ने 2075 किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया था। कोर्ट के आदेश पर उसे गत अप्रेल में बीस दिन की पैरोल पर छोड़ा गया था। उसे 27 अप्रेल को जेल लौटना था, लेकिन वह फरार हो गया। इस दौरान वह अहमदाबाद, पुणे, बीकानेर में छुपता रहा।

गत 14 अगस्त को श्रीगंगानगर से लौटने के दौरान बीकानेर के महाजन के पास वह सड़क हादसे में घायल हो गया। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उसका उपचार कराया गया। वह उपचार के लिए अहमदाबाद व जोधपुर भी गया था। हाईकोर्ट में अपील के बाद सूरतगढ़ कोर्ट ने उसका गिरफ्तारी वारंट जारी किया। चूंकि वह फलोदी का हिस्ट्रीशीटर है। इसलिए हेड कांस्टेबल प्रदीप को उसके इलाज के लिए जोधपुर आने की सूचना मिली। उप निरीक्षक प्रमीत चौहान के नेतृत्व में साइक्लोनर टीम ने शिवलाल को हिरासत में ले लिया। वह 0029 गैंग का सदस्य है।

फलोदी जेल से बंदियों को भगाने में भी आरोपी

उसके खिलाफ आगजनी, जानलेवा हमला, फायरिंग, राजकार्य में बाधा डालने, सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने, गैंगवार और एनडीपीएस एक्ट आदि के 12 मामले दर्ज हैं। वह फलोदी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और वर्ष 2021 में देचू क्षेत्र में गैंगवारों में सक्रिय रहा था। फलोदी जेल से बंदियों को भगाने में भी उसकी सक्रिय भूमिका थी।

Leave a Comment