मुंडावर ञ्च पत्रिका. सोडावास और आसपास के गांवों चिरूनी, हटूंडी, झझारपुर, शामदा, पीपली, कोकावास समेत कई इलाकों में मंगलवार शाम करीब 5 बजे अचानक बारिश के साथ तेज ओले गिरे। भीषण गर्मी के कारण पंखे और कूलर भी जवाब दे चुके थे, लेकिन कुदरत की इस अचानक लीला ने लोगों को राहत दी। बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में ठंडक आ गई, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। इस अप्रत्याशित मौसम बदलाव ने इलाके में सुकून का अहसास दिलाया, जबकि किसानों के लिए ओलावृष्टि से पक्षियों पर आफत आ गई।
खैरथल. भीषण गर्मी से जूझ रहे खैरथल क्षेत्र में बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब 6 बजे हुई हल्की बारिश ने वातावरण में ठंडक घोल दी और लोगों को बड़ी राहत मिली। पिछले कई दिनों से 41 डिग्री के आसपास पहुंच रहा तापमान गिरकर नीचे आया, जिससे गर्मी की तीव्रता में कमी महसूस की गई।
हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तेज धूप और बढ़ती उमस ने फिर लोगों को परेशान कर दिया। दोपहर के समय सडक़ों पर आवाजाही कम नजर आई और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
मंगलवार के मुकाबले तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में लगभग 3 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि मई के पहले सप्ताह में एक बार फिर गर्मी तेवर दिखा सकती है, लेकिन बीच-बीच में बादल और आंधी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।