Sirohi News: ACB ने रास्ते में रोकी कार, बैग खोलते ही उड़ गए होश

Cash Seizure From labour officer: राजस्थान के सिरोही जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की एक अचानक की गई कार्रवाई ने पूरे प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। श्रम कल्याण अधिकारी की अनुबंधित कार से 1 लाख 50 हजार रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद होने के बाद मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

ACB से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यालय के निर्देश पर जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस के पर्यवेक्षण में की गई। टीम ने सिरोही में आकस्मिक चेकिंग के दौरान श्रम कल्याण अधिकारी हर्षदीप सिंह गिल की अनुबंधित कार को रोका, जो आबूरोड़ से जिला मुख्यालय की ओर आ रही थी। कार में उनके साथ विभाग के कनिष्ठ सहायक विकास कुमार भी मौजूद थे।

तलाशी के दौरान कार में रखे एक बैग से पॉलीथीन में लिपटी 500-500 रुपए की तीन गड्डियां मिलीं, जिनकी कुल राशि 1.5 लाख रुपए निकली। जब इस नकदी के स्रोत के बारे में पूछा गया, तो संबंधित अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद ACB टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी राशि को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के मुताबिक, ACB को पहले से ही सूचना मिली थी कि श्रम विभाग के अधिकारी और कर्मचारी आबूरोड़ की औद्योगिक इकाइयों से अवैध वसूली कर रहे हैं और इसी रकम को लेकर सिरोही लौट रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह केवल एक छोटी कड़ी है या फिर इसके पीछे बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार का जाल फैला हुआ है। ACB के अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश और उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव की निगरानी में आगे की कार्रवाई जारी है।