झालावाड़। रटलाई थाना क्षेत्र की पंचायत रीझौन के गांव झीतापुरा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को जान से मारने की नीयत से करीब 60 फीट गहरे कुएं में धकेल दिया। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से महिला की जान बच गई। घटना रविवार देर रात की है।
झीतापुरा निवासी रायसिंह लोधा अपनी पत्नी कंचनबाई लोधा (40) को खेत पर ले गया। खेत पर सब्जियों में पानी देने के बाद रायसिंह ने कंचनबाई से कुएं में शेष पानी देखने के लिए कहा और उसी दौरान पीछे से धक्का देकर उसे कुएं में गिरा दिया।
ससुराल में बताया पत्नी चली गई कहीं
पत्नी को कुएं में धकेलने के बाद रायसिंह घर चला गया। शाम को कंचनबाई के घर नहीं लौटने पर उसने अपने ससुराल वालों और गांव के लोगों को बताया कि उसकी पत्नी बिना बताए कहीं चली गई है। ग्रामीणों की मदद से रायसिंह ने खुद भी उसे ढूंढने का नाटक किया। देर रात गांव वालों ने तलाश की तो सूरी के रास्ते पर स्थित खुद के कुएं में कंचनबाई को बेहोशी की हालत में हल्की आवाज करते हुए देखा गया।
रात 1 बजे जिंदा निकली महिला
ग्रामीणों ने रात करीब 1 बजे कंचनबाई को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायल कंचनबाई को तत्काल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ रेफर किया गया। जहां महिला का इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
एएसआई लाजपत मीणा ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रायसिंह पूर्व में भी कंचनबाई को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। महिला को आंख और मुंह सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई है।