बारां। शहर में दिनदहाड़े एक कांच व्यापारी के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। बदमाशों ने हथियार के दम पर व्यापारी को अगवा कर करीब 10 घंटे तक बंधक बनाए रखा और मारपीट करते हुए भारी फिरौती की मांग की।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह व्यापारी सतीश गोड जब घर से दुकान के लिए निकला, तभी कब्रिस्तान क्षेत्र के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। बंदूक दिखाकर उसे जबरन अपने साथ ले गए और शहर के तेल फैक्ट्री इलाके में एक कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और परिवार से संपर्क कर फिरौती की मांग शुरू कर दी।
14 लाख देने पर छोड़ा
अपहरणकर्ताओं ने शुरुआत में 50 लाख रुपए की मांग रखी, जिसे बाद में घटाकर 25 लाख कर दिया गया। आखिरकार, परिजनों से 14 लाख रुपए वसूलने के बाद शाम को व्यापारी को उसी स्थान के पास छोड़ दिया गया, जहां से उसे उठाया गया था। आरोपियों ने बाकी रकम बाद में देने का दबाव भी बनाया और पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इंस्टाग्राम कॉल से फिरौती की डिमांड
पीड़ित ने बतााया कि बदमाशों ने परिवार से इंस्टाग्राम कॉल के जरिए बात करवाई। इस दौरान बदमाशों ने कहा कि पैसा नहीं मिलता है, तो ट्रक के नीचे कुचलकर मार देंगे, जिससे परिजन बेहद घबरा गए और जल्द से जल्द रकम का इंतजाम किया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह सामने आई, जब व्यापारी ने अन्य व्यापारियों को पूरी आपबीती बताई।
7 बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापार महासंघ का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ अपहरण और फिरौती की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
एक बदमाश को पहचानता है पीड़ित
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि वह आरोपियों में से एक को पहचानता है, जो पहले उसका नियमित ग्राहक रह चुका है। व्यापारी ने बताया कि उसकी किसी से पुरानी दुश्मनी नहीं है। फिलहाल पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।