राजकार्य में बाधा का केस दर्ज
उदयपुर. केन्द्रीय कारागार में बैरक की तलाशी के दौरान बंदियों ने जेल अधिकारियों पर धारदार पत्ती से हमला कर दिया, इससे जेल अधिकारियों को चोंटे आई है। घटनाक्रम को लेकर सूरजपोल थाने में राजकार्य में बाधा का केस दर्ज कराया गया है।यह है मामला
पुलिस ने बताया कि केन्द्रीय कारागार में गुरुवार को उपाधीक्षक मोहन मीणा, कारापाल सतेन्द्र कुमार, भगवान सहाय मीणा, उप कारापाल अचलाराम, रघुवीर प्रसाद के नेतृत्व में प्रहरी एवं मुख्य प्रहरियों की ओर से विचाराधीन बंदी वार्ड की बैरक की तलाशी ली जा रही थी। बैरक नम्बर-19 की तलाशी के बाद सभी अधिकारी बैरक-18 में जाने लगे तो सजायाफ्ता कैदी साहिल अली पुत्र अजीज अली, विचाराधीन बंदी जितेन्द्र सिंह हुल्दानी उर्फ सुरेन्द्र उर्फ जीतू हुल्दाणी पुत्र नरपत सिंह, विचाराधीन बंदी संजय कुमार उर्फ बचिया पुत्र गजेन्द्र सिंह, विचाराधीन बंदी विक्रम कुमार जाट उर्फ राठौड पुत्र रामजीलाल, विचाराधीन बंदी रामहरि पुत्र मेघसिंह ने विरोध किया। स्टाफ पर हमला कर हुआ तो प्रहरी शिवचरण सिंह के दाएं हाथ पर सजायाफ्ता कैदी साहिल अली ने बर्तन से बनाई हुई धारदार पत्ती से 2 से 3 इंच लम्बा कट लगा दिया।
हमले में इनको आई चोटें
उपाधीक्षक मोहन मीणा, प्रहरी योगेश कुमार, रोहिताश जाट, सांवरमल को चोंटे आई। इन सभी को जेल के प्रहरियों और अधिकारियों ने काबू किया। बंदियों के मारपीट कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।