जयपुर। भीषण गर्मी के बीच राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर द्वारा जारी तात्कालिक चेतावनी के अनुसार चूरू, हनुमानगढ़ और बीकानेकर जिलों में आगामी तीन घंटे के अंदर बारिश होने का येलो अलर्ट है। इस दौरान मेघगर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से जारी तात्कालिक अलर्ट के मुताबिक, येलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में भी बारिश दर्ज हो सकती है। इस दौरान हवा 20-30 किमी प्रति घंटा के रफ्तार से चलने का अनुमान है। कुछ जगहों पर मेघगर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है। खासतौर पर पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।
यह वीडियो भी देखें :
25 अप्रेल से असर होगा तेज
दरअसल, मौसम विभाग ने पहले ही कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव शुरू होगा। 26 से 29 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में इसका असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने 24 अप्रेल को ही 3 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
श्रीगंगानगर में तापमान सबसे अधिक
वहीं, विभाग की सुबह जारी बुलेटिन रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन कई इलाकों में हीटवेव का असर देखने को मिला। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। इसके अलावा कोटा, अलवर और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में भी तापमान 42 से 43 डिग्री के आसपास बना हुआ है।