Sikar District Collector Ashish Modi: हेलो…हेलो मैं सीकर जिला कलक्टर आशीष मोदी बोल रहा हूं। आप फूलचंद बोेल रहे है। हां साहब मैं फूलचंद ही बोल रहा हूं। आपने पानी की सप्लाई नियमित नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आपकी समस्या का समाधान हुआ या नहीं। इस पर जवाब मिला कि अभी ज्यादा सुधार नहीं है। इस पर कलक्टर ने जलदाय के अधीक्षण अभियंता को मौके पर जाकर समाधान कराने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने कहा कि यदि तीन दिन में समाधान नहीं हो तो आप मुझे वापस फोन करके बताना। इसके बाद कलक्टर ने अजीतगढ़ के हथोरा निवासी गजेंद्र सिंह के सरकारी ट्यूबवेल पिछले 15 दिनों से खराब होने, दांता के राजेंद्र सिंह की क्षेत्र का हैंडपंप सात दिनों से खराब होने की शिकायतों को सुना। कलक्टर का खुद फोन कॉल आने पर फरियादी अचिम्भत नजर आए।
कलक्टर साहब…मेरी वीसीआर फर्जी भरी है
जिला कलक्टर ने श्रीमाधोपुर इलाके के थोई निवासी लोकेश सैनी को भी कॉल किया। लोकेश सैनी ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से गलत तरीके से वीसीआर भरी है। इस पर कलक्टर ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को मामले की जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
कई बोले…हो गया समाधान, एक ने नहीं उठाया फोन
कई फरियादियों ने जिला कलक्टर को कहा कि हमारी समस्या का पिछले दिनों समाधान हो चुका है। वहीं एक फरियादी ने फोन रिसिव नहीं किया। गर्मी के मौसम की वजह से पहले दिन जिला कलक्टर ने बिजली-पानी से जुड़ी शिकायतों के फरियादियों को फोन किया।
दावों की हकीकत अब आएगी सामने
सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वालों की अब पोल खुलेगी। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने बुधवार से सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के समाधान के लिए खुद फरियादियों को फोन कर हकीकत जानना शुरू कर दिया है।
बुधवार को जिला कलक्टर ने पानी-बिजली की शिकायतों से जुड़े छह फरियादियों को फोन किए। इस दौरान प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रामकुमार चाहिल, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता सुभाष देवंदा आदि मौजूद रहे।
जारी रहेगी पहल, फरियादियों को मिलेगी राहत: कलक्टर
जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों के फरियादियों से बातचीत की पहल लगातार जारी रहेगी। सरकार की मंशा के अनुसार सभी फरियादियों की समस्या का समय पर समाधान कराने के लिए जिला प्रशासन टीम मुस्तैद है।
आशीष मोदी, जिला कलक्टर, सीकर