अलवर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक चालक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नौगांवा थाना क्षेत्र में लेन ड्राइविंग के लिए जागरूकता अभियान के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा युवक को लात-घूंसों से पीटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद एडिशनल एसपी ने आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दे दिए हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार की है, जब पुलिस टीम एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों, खासकर लेन ड्राइविंग के लिए जागरूक कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक चालक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी अनुराग ने चालक को लात-घूंसों से पीटा, जिससे वह घायल हो गया। बाद में उसे इलाज के लिए अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली के आरोप
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने गंभीर आरोप भी लगाए हैं। चालक के परिजनों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर कुछ पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते हैं और पैसे नहीं देने पर इस तरह की कार्रवाई करते हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन आरोपों को शुरुआती जांच में निराधार बताया है और कहा है कि विवाद केवल वाहन रोकने को लेकर हुआ था।
किसी ने वीडियो बनाकर किया वायरल
एक्सप्रेस-वे पर पुलिसकर्मी द्वारा ड्राइवर की हुई बेरहमी से पिटाई का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में आज मंगलवार को एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार को सौंपी गई है।