IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स का स्टूडेंट्स को खास तोहफा, जयपुर में 1800 का टिकट सिर्फ 500 रुपए में, जानिए कैसे मिलेगा

जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के रोमांच के बीच इस बार राजस्थान के छात्रों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। महंगे होते टिकटों के बीच राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन ने छात्रों को सस्ती दर पर मैच देखने का मौका देने का फैसला किया है। इससे खासकर युवा क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है, जो लंबे समय से स्टेडियम में लाइव मैच देखने की इच्छा रखते थे।

यह वीडियो भी देखें

सूत्रों के अनुसार, छात्रों को 500 रुपए में टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि सामान्य तौर पर इसी स्टैंड के टिकट 1800 रुपए में मिलते हैं। यह सुविधा सीमित समय और सीमित संख्या में रहेगी। टिकट वितरण पूरी तरह ऑफलाइन रहेगा और मैच से दो दिन पहले ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर जारी किए जाएंगे।

वैध आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य

जयपुर में 25 अप्रेल को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जो इस सीजन का शहर में पहला मैच होगा। छात्रों को टिकट लेने के लिए अपना वैध आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। टिकट सवाई मानसिंह स्टेडियम के ऑफलाइन काउंटर से ही मिलेंगे, जहां पहले से ही ईस्ट, वेस्ट और नॉर्थ गेट्स पर काउंटर संचालित हो रहे हैं। ये काउंटर रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहते हैं।

ईस्ट स्टैंड के टिकट दिए जाएंगे

जानकारी के अनुसार, छात्रों को ईस्ट स्टैंड के टिकट दिए जाएंगे, जो मैदान के अच्छे व्यू के लिए जाना जाता है। यहां से दर्शक खिलाड़ियों को करीब से देख सकते हैं और मैच का बेहतर अनुभव ले सकते हैं। यह पहल छात्रों को स्टेडियम तक आकर्षित करने और क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।

इस बार आईपीएल टिकटों की कीमतों में बढ़ोतरी भी देखने को मिली है। सबसे सस्ता टिकट 1800 रुपए से शुरू हो रहा है, जो पिछले सीजन की तुलना में अधिक है। वहीं डिमांड के अनुसार टिकटों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम दर्शकों के लिए मैच देखना महंगा साबित हो रहा है। ऐसे में छात्रों को 500 रुपए में टिकट मिलना बड़ी राहत माना जा रहा है।

टिकटों की कीमतें स्टैंड और सुविधाओं के अनुसार

जयपुर में मैच के लिए टिकटों की कीमतें स्टैंड और सुविधाओं के अनुसार तय की गई हैं। ईस्ट स्टैंड का टिकट 1800 रुपए, नॉर्थ स्टैंड 2500 रुपए और साउथ स्टैंड 3000 रुपए में उपलब्ध है। वहीं ईस्ट और नॉर्थ लॉन्ग की कीमत 5700 रुपए रखी गई है। प्रीमियम कैटेगरी में उदयपुर रॉयल बॉक्स के टिकट 10,000 से 13,000 रुपए, जयपुर और जोधपुर लाउंज 12,500 से 15,000 रुपए तथा जैसलमेर लाउंज 17,000 से 20,000 रुपए तक हैं। इसके अलावा शेन वॉर्न लाउंज के टिकट 22,500 से 30,000 रुपए और सबसे महंगे ड्रीम लाउंज के टिकट 40,000 रुपए तक रखे गए हैं।