Pachpadra Refinery: रिफाइनरी अग्निकांड के बाद सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे मौके पर, जोगाराम पटेल बोले- अभी राजनीति का समय नहीं

बालोतरा। पचपदरा रिफाइनरी में 20 अप्रेल को हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन और सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा रद्द होने के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनके साथ कानून मंत्री जोगाराम पटेल और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास भी मौजूद रहे। घटना के बाद रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू हो गई है।

यह वीडियो भी देखें

मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और इसके बाद एक हाई-लेवल बैठक बुलाई, जिसमें आग लगने के कारणों और संभावित सुरक्षा चूक पर चर्चा की जा रही है। इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी और राज्य की अन्य एजेंसियां भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई थीं। रिफाइनरी के गेट नंबर 1 और 2 पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

तेज हुई सियासी बयानबाजी

दूसरी ओर इस घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। मंत्री जोगाराम पटेल ने कांग्रेस नेताओं को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया राज्य सरकार के हाथ में नहीं होती, यह केंद्र के पेट्रोलियम मंत्रालय के स्तर पर तय होती है। ऐसे समय में अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए।

अशोक गहलोत ने घटना पर सवाल उठाए

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित था, वहां एक दिन पहले आग लगना स्वाभाविक रूप से चिंता का विषय है। उन्होंने आग लगने के कारणों की पारदर्शी जांच की जरूरत बताई। कांग्रेस नेता टीकाराम जूली और गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े करते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

जल्द घोषित होगी नई तारीख

उद्घाटन कार्यक्रम टलने के बाद अब नई तारीख को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। मंत्री जोगाराम पटेल ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही नई तिथि घोषित की जाएगी और प्रधानमंत्री की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित होगा। उधर एचपीसीएल ने बयान जारी कर कहा कि सभी इकाइयां संरचनात्मक रूप से सुरक्षित हैं और अन्य हिस्सों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।