Rajasthan Weather: 9 जिलों में 23-24-25 अप्रेल को हीटवेव का अलर्ट, 43 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, चलेंगी धूलभरी गर्म हवाएं

जयपुर। राजस्थान में गर्मी ने अप्रेल के तीसरे सप्ताह में ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के ताजा अपडेट के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है, जो सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक है। आने वाले 4-5 दिनों में तापमान में और 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे कई जिलों में पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।

कोटा में रविवार को तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं बाड़मेर, अलवर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और बीकानेर जैसे शहरों में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। राजधानी जयपुर में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

यह वीडियो भी देखें :

पूर्वी राजस्थान के इन जिलो में अलर्ट

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 23, 24 और 25 अप्रेल को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में ऊष्ण लहर (हीटवेव) का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिले शामिल हैं। इसके अलावा करौली में 23 और 24 अप्रेल को हीटवेव की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भी रेहेगी तेज गर्मी

जयपुर, अजमेर, अलवर, कोटा, भीलवाड़ा, टोंक समेत अन्य जिलों में भले ही हीटवेव का अलर्ट नहीं है, लेकिन यहां भी तेज गर्मी और लू जैसे हालात बने रहेंगे।

पश्चिमी राजस्थान में भी बढ़ेगी तपिश

पश्चिमी राजस्थान में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, अधिकांश जिलों में हीटवेव का अलर्ट नहीं है, लेकिन श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में 23 से 25 अप्रेल तक ऊष्ण लहर की चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा जोधपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में 22 और 23 अप्रेल को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस होगा।

मौसम रहेगा शुष्क, राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। 23 अप्रेल से राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव की शुरुआत हो सकती है, जो आगे और तेज हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान में गर्मी का यह दौर अभी शुरुआत भर है। आने वाले दिनों में लू और तेज धूप लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है, ऐसे में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।