गुरुग्राम के सेक्टर 9 में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अलवर जिले के मूल निवासी एक युवक ने घरेलू कलह के चलते पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के समय दंपति का 10 वर्षीय मासूम बेटा दूसरे कमरे में खेल रहा था। पिता को फंदे पर लटका और मां को बेसुध देख बच्चा घबराकर पड़ोसियों के पास भागा, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।
11 साल पहले हुई थी लव मैरिज
मृतक दीपक कुमार (30 वर्ष) अलवर के सूर्य नगर, खुदनपुरी का रहने वाला था। करीब 11 साल पहले उसने सोनम बाई (28 वर्ष) के साथ प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। सोनम का पीहर अलवर के बगड़ तिराहा के पास जुगरावर गांव में है। दंपति पिछले काफी समय से गुरुग्राम के सेक्टर 9 में किराए के मकान में अपने 10 साल के बेटे के साथ रह रहे थे। दीपक गुरुग्राम में अपनी टैक्सी चलाता था, जबकि सोनम एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी।
बच्चे की चीख से खुला राज
सोमवार की सुबह जब 10 वर्षीय बेटा सोकर उठा, तो उसने अपने पिता को फंदे पर लटका हुआ देखा। पास ही उसकी मां सोनम भी अचेत पड़ी थी। जब उसने अपनी मां को जगाने की कोशिश की और वह नहीं उठी, तो मासूम बच्चा घबरा गया और रोते-बिलखते हुए पड़ोसियों के घर की ओर भागा। पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो पति-पत्नी की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया।
घरेलू कलह बनी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू कलह होती थी। आशंका है कि सोमवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके बाद आवेश में आकर दीपक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने स्वयं भी जीवन लीला समाप्त करने का निर्णय लिया। घटनास्थल की स्थिति को देख पुलिस अभी पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अलवर से परिजन गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए हैं। शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए अलवर लाया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।