जयपुर: मुरलीपुरा इलाके में एक लड़के की प्रताड़ना से तंग आकर एक लड़की ‘निर्भया’ हेल्पलाइन पर कॉल करती है। वह बताती है, मैम एक लड़का मिलने और दोस्ती का दबाव डाल रहा है। दो-तीन दिन से साए की तरह मेरा पीछा कर रहा है। मैं जहां जाती हूं, वह वहां पहुंच जाता है। मैं पढ़ाई भी नहीं कर पा रही हूं।
बता दें कि लड़की के शब्दों में डर था, लेकिन हेल्पलाइन ने उसे भरोसा दिलाया और ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ की टीम सदस्य सुशीला का नंबर देकर कहा, तुम निडर होकर रहो, हम आसपास ही हैं। जब भी वह लड़का परेशान करे, तुरंत कॉल कर देना।
जब लड़की गई कैफे…
बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे लड़की रोड नंबर-5 स्थित एक कैफे में जाती है, तभी पीछा कर रहा आरोपी पवन चंदोलिया वहां धमक पड़ता है। वह लड़की से दोस्ती करने और मिलने का दबाव बनाकर जबरदस्ती करने लग जाता है।
लड़की घबराती नहीं है, वह बहादुरी दिखाते हुए चुपके से करीब 11:27 बजे कालिका यूनिट की सुशीला को अपनी ‘लाइव लोकेशन’ व्हाट्सएप पर शेयर कर देती है। बस, फिर क्या! नजदीक ही हरमाड़ा से ‘कालिका’ टीम का वाहन तेजी से कैफे की ओर मुड़ता है और महज 3-4 मिनट में वहां पहुंच जाता है। आरोपी पवन को भनक भी नहीं लगती कि सादा कपड़ों में खड़ी महिलाएं पुलिसकर्मी हैं।
जैसे ही टीम पवन को दबोचती है, वह पुलिस से ही उलझ जाता है। वह पुलिसकर्मियों से अभद्रता करता है और खुद को छुड़ाने के लिए झगड़ा करने लगता है। तुरंत वायरलेस पर संदेश गूंजता है और मुरलीपुरा थाने की ईआर-112 की गाड़ी मौके पर पहुंचती है।
आरोपी पवन चंदोलिया (25) निवासी भगवान नगर विस्तार, हरमाड़ा को पकड़कर मुरलीपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। डरी हुई लड़की अब राहत की सांस ले रही थी। हालांकि, पीड़िता की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। पुलिस ने उसे बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया है।
तुरंत करें शिकायत
एडिशनल डीसीपी रानू शर्मा ने अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं निर्भया हेल्पलाइन नंबर 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093, 8764866094 पर तुरंत सूचना दें। रानू शर्मा ने बताया कि हेल्पलाइन 24 घंटे एक्टिव है।