Rajasthan Road Accident: भाइयों का शव देखकर फूट-फूटकर रोए राजकीय चिकित्सक, नए घर के लिए टाइल्स खरीदने गए थे दोनों

Jeep Hit Bike: बूढ़ा पुष्कर के पास कानस गांव स्थित नेशनल हाइवे की पुलिया पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रही एक जीप अचानक विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घर के सपने के लिए निकले थे

जानकारी के अनुसार नागौर जिले के थांवला गांव में पदस्थ राजकीय चिकित्सक प्रकाश चौधरी अपने नए मकान का निर्माण करवा रहे हैं। इसी सिलसिले में उनके 48 वर्षीय भाई श्योदान चौधरी और 40 वर्षीय छोटे भाई मुकेश किशनगढ़ टाइल्स खरीदने गए थे। टाइल्स पसंद करने के बाद दोनों बाइक से वापस थांवला लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया और उनके घर के सपने मातम में बदल गए।

हादसा इतना भयानक कि उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और जीप भी अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में जाकर पलट गई। दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नशे में चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि जीप चालक, पुष्कर के बागोलाई गांव निवासी रामदेव सिंह रावत, हादसे के समय नशे में था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिवार में पसरा मातम

दोनों मृतक मूलतः सीकर जिले के श्रीमाधोपुर के पास रतनपुरा गांव के रहने वाले थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जैसे ही राजकीय चिकित्सक ने अपने दोनों भाइयों के शव देखे, वे फूट-फूटकर रो पड़े। पूरे परिवार में इस हादसे के बाद गहरा शोक व्याप्त है।