Rajasthan job news: जयपुर. युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल कैरियर सर्विस सेंटर फॉर एससी/एसटी, जयपुर की ओर से 2 अप्रैल को एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला सांगानेर स्थित एस.एस. जैन सुबोध गर्ल्स पी.जी. कॉलेज परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
उप प्रादेशिक रोजगार अधिकारी अतुल कुमार सोनू ने बताया कि इस रोजगार मेले में 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इनमें आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, पॉलीमर, बैंकिंग, केमिकल इंडस्ट्री, ई-कॉमर्स, अकाउंटिंग तथा एग्रीकल्चर सेक्टर से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी। इन कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें पे-रोल आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस मेले में सभी वर्गों के विद्यार्थी और बेरोजगार युवा भाग ले सकते हैं। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के माध्यम से चयन का अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतनमान के अनुसार वेतन प्रदान किया जाएगा।
रोजगार अधिकारी ने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अपने साथ कम से कम 8 बायोडाटा (रिज्यूम), शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां तथा पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ साथ लेकर आएं। इस रोजगार मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
इस तरह यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक बेहतर अवसर साबित हो सकता है।