Alwar Crime News: इश्क में मिली नाकामी इंसान को किस हद तक ले जा सकती है, इसकी एक हृदय विदारक तस्वीर अलवर में देखने को मिली। जब एक तरफ प्रेमिका के घर में शहनाइयां बज रही थीं और हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रच रही थी, ठीक उसी वक्त कुछ किलोमीटर दूर उसका प्रेमी मौत का फंदा चूम रहा था। मरने से पहले उसने एक आखिरी वीडियो कॉल अपनी प्रेमिका को किया और फिर हमेशा के लिए खामोश हो गया।
जीजा के कमरे को चुना आखिरी ठिकाना
रामगढ़ के केशव नगर निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र मेघवाल मूर्ति सप्लाई का काम करता था। उसका एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन पहले वह अपने जीजा मनोज कुमार के पास अलवर के नयाबास इलाके में आया था। जीजा यहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। देवेंद्र काफी परेशान था और उसने अपने जीजा से कहा भी था— “आप मेरे दुख को नहीं समझ सकते।”
‘मेरे आखिरी दर्शन कर ले दोस्त…’
बुधवार को जब जीजा मनोज किसी काम से रामगढ़ गए थे, पीछे से देवेंद्र ने खौफनाक कदम उठाने की तैयारी कर ली। उसने अपने जिगरी दोस्त गणेशी को वीडियो कॉल किया और रुंधे गले से कहा— “भाई, मेरे आखिरी बार दर्शन कर ले, अब मैं खत्म हो रहा हूं।” दोस्त कुछ समझ पाता या उसे रोक पाता, उससे पहले ही देवेंद्र ने कॉल काट दिया।
जब घर में मची चीख-पुकार
शाम को जब जीजा वापस कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खोला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर देवेंद्र का शव फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
आज उठनी थी डोली, कल उठ गई अर्थी
मृतक के परिजनों ने बताया कि देवेंद्र जिस युवती से प्यार करता था, उसकी 12 मार्च यानी आज ही शादी होनी तय है। बुधवार को जब युवक को यकीन हो गया कि अब उसकी दुनिया उजड़ चुकी है, तो उसने खुद को खत्म कर लिया। बताया जा रहा है कि सुसाइड से ठीक पहले युवती ने भी उसे फोन किया था, लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। रामगढ़ पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।